![]()
कटिहार जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद चंद्रवंशी ने राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विकास भवन के सभागार में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में पूर्व डिप्टी सीएम और सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले में बाढ़ की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ बाढ़ प्रभावित लोगों को दी जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की। मंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सेवा शिविरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम करे – प्रभारी मंत्री प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद को सिर्फ सरकारी ड्यूटी न समझें, बल्कि सेवा भावना से काम करें। मंत्री ने जोर देकर कहा कि आपदा के इस समय में अधिकारियों को घड़ी देखकर नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की जरूरत देखकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम करे। ”मुश्किल समय में बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ा रहना है” मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में भोजन, राहत सामग्री और दूसरी जरूरी सुविधाएं समय पर पहुंचाई जाएं। उन्होंने साफ किया कि राहत और बचाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने कहा कि प्रशासन का मुख्य मकसद बाढ़ से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देना और इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ा रहना है। बैठक में अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री को बाढ़ प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी। मंत्री ने जरूरत के हिसाब से व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
Source link
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ राहत कार्यों की रिव्यु की:कटिहार में अधिकारियों को निर्देश- समय देखकर नहीं, सेवा भावना से करें काम
