![]()
कटिहार में कोशी क्षेत्रीय विकलांग, विधवा, वृद्ध कल्याण समिति का 38वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को मनाया गया। यह कार्यक्रम सदर अस्पताल परिसर स्थित दिव्यांग कार्यालय में हुआ। इसका मकसद दिव्यांगजनों के अधिकार, सम्मान, सशक्तिकरण और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद थे। उन्होंने दिव्यांगजनों के हित में संस्था के कामों की तारीफ की। प्रसाद ने कहा कि दिव्यांगजनों को सम्मान, समान अवसर और आत्मनिर्भरता देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, कान की मशीन, कमरबंद और वॉकर जैसे कई जरूरी सहायक उपकरण दिए गए। दिव्यांगजनों के प्रति सम्मान बढ़ाने पर दिया जोर विशिष्ट अतिथि सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ सिंह ने दिव्यांगजनों के स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधाओं पर बात की। उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया। महिला काउंसलर आभा कुमारी ने समाज में दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान बढ़ाने पर जोर दिया। लोक अभियोजक जगदीश शाह ने दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उनके कल्याण के लिए लगातार काम करने का संकल्प लिया। समारोह में संस्था के सचिव और बिहार राज्य सलाहकार बोर्ड के सदस्य शिव शंकर रमानी के कामों की भी तारीफ हुई। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने उनके सेवा कार्यों को देखते हुए राष्ट्रपति सम्मान दिए जाने की बात कही। अंत में शिव शंकर रमानी ने सभी अतिथियों और मौजूद लोगों का आभार जताया। इस मौके पर डॉ. अवधेश देव, मनोज शाह, जूली शर्मा, गीता देवी, रवि कुमार दास, विजय कुमार सहित संस्था के कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
Source link
कटिहार में दिव्यांग कल्याण समिति का 38वां स्थापना दिवस:पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने दिव्यांगजनों को सम्मान देने पर दिया जोर
