![]()
कटिहार के कुरसेला और समेली प्रखंड में बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कुरसेला प्रखंड के मधेली गांव में गंगा नदी के तटबंध का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गंगा और कोशी नदी के किनारे चल रहे बाढ़ निरोधी कार्यों और तटबंधों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। देखें, मौके से आई तस्वीरें… इंजीनियरों से ली बचाव कार्यों की जानकारी निरीक्षण के दौरान डीएम ने मौके पर मौजूद इंजीनियरों से बाढ़ से बचाव के लिए चल रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने को कहा। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी-जिलाधिकारी जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित और संभावित संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तटबंधों की सुरक्षा और बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। जलस्तर बढ़ने की संभावना को लेकर सतर्कता डीएम ने कहा कि गंगा और कोशी नदियों के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए तटबंधों की मजबूती और सुरक्षा पर विशेष ध्यान जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी तरह की समस्या या तटबंध से जुड़ी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज जिला प्रशासन के अनुसार बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ लोगों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाने की बात कही है। निरीक्षण के दौरान एडीएम विनोद कुमार, कटिहार सदर एसडीओ सूरज कुमार, बीडीओ कुमारी प्रियवंदा, सीओ अनुपम, जिला परिषद सदस्य उमेश कुमार यादव उर्फ उमा यादव, मुखिया प्रतिनिधि शंकर चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
कटिहार DM ने गंगा तटबंध का निरीक्षण किया:कुरसेला-समेली में प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील तटबंधों की लगातार निगरानी के निर्देश
