![]()
बांका के रजौन थाना क्षेत्र के सिंहनान पंचायत के खुशहालपुर गांव में शुक्रवार को ट्रैक्टर की बैटरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने तीनों को रस्सी से बांध दिया और उनकी पिटाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और युवकों को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। देखें, मौके से आई तस्वीरें… चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में था आक्रोश ग्रामीणों के अनुसार, गांव में पिछले कुछ समय से ट्रैक्टर की बैटरियां चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का दावा है कि एक ही रात में पांच ट्रैक्टरों की बैटरियां और 2 बकरियां चोरी हुई थीं। इससे ग्रामीणों में पहले से आक्रोश था। रात में घूमते दिखे, शक के आधार पर पकड़ा ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तीनों युवक रात के समय गांव में घूमते हुए दिखाई दिए थे। इसी आधार पर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद तीनों को रस्सी से बांध दिया गया और मौके पर जुटी भीड़ ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। वायरल वीडियो में भी एक युवक को रस्सी से बंधा हुआ और कुछ लोगों द्वारा उसकी पिटाई करते देखा जा सकता है। डायल-112 ने भीड़ से युवकों को छुड़ाया घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की पुलिस टीम खुशहालपुर गांव पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को भीड़ से छुड़ाया और अपने साथ थाने ले गई। इस दौरान गांव में कई घंटे तक हंगामा और तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस कर रही पूछताछ, चोरी की पुष्टि नहीं पुलिस तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने यह पुष्टि नहीं की है कि पकड़े गए युवकों का बैटरी चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है। चोरी हुआ सामान भी फिलहाल बरामद नहीं हुआ है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। एसडीपीओ ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
चोरी के शक में 3 युवकों को बांधा, VIDEO:बांका में खंभे से बांधकर ग्रामीणों ने पीटा, डायल-112 ने भीड़ से छुड़ाकर थाने पहुंचाया
