Headlines

राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग:कांग्रेस का प्रतिरोध मार्च, कार्यक्रम स्थल के शुद्धिकरण पर कार्रवाई की भी मांग




सीवान शहर में बुधवार को कांग्रेस पार्टी के बैनर तले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे की वापसी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी वाले कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण मामले में भाजपा नेताओं पर कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रतिरोध मार्च निकाला गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा और आरएसएस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए राजनीतिक प्रतिशोध और जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जुलूस कचहरी रोड स्थित जिला परिषद गेट से शुरू होकर जेपी चौक पहुंचा, जहां मार्च सभा में तब्दील हो गया। ”राजनीतिक दुर्भावना के तहत मुकदमा कराया” इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘भाजपा-आरएसएस शर्म करो’, ‘भाजपा अपनी घटिया राजनीति बंद करो’, ‘राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमा वापस लो’, ‘दलितों का अपमान करना बंद करो’ और ‘जातिगत स्तर पर इंसान से इंसान का भेदभाव बंद करो’ जैसे नारे लगाए। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के सीवान जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि भाजपा राजनीतिक प्रतिशोध के निम्नतम स्तर तक पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दुर्भावना के तहत नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। ”भाजपा की करनी को देश की जनता देख रही” वहीं, उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी के कारण कार्यक्रम स्थल का कथित रूप से शुद्धिकरण करने वाले लोगों पर अब तक कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमा वापस लेने के साथ ही दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं पर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो कांग्रेस पूरे देश में आंदोलन को और तेज करेगी। किसान कांग्रेस के महासचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा की करनी को देश की जनता देख रही है। ”भेदभाव और शोषण के खिलाफ संघर्ष करेगी कांग्रेस” सत्ता किसी व्यक्ति या पार्टी के लिए स्थायी नहीं होती, यह बात सभी को याद रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दलित परिवार में जन्म लेने के बावजूद मल्लिकार्जुन खड़गे का कांग्रेस अध्यक्ष के पद तक पहुंचना भाजपा को नागवार गुजर रहा है। कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव ने आरोप लगाया कि मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के दौरान भाजपा और आरएसएस की ओर से किए गए कथित जातिवादी कृत्यों का विरोध करने पर उत्तराखंड पुलिस ने राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। उन्होंने भाजपा पर मनुवादी संस्कृति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस जाति के आधार पर भेदभाव और शोषण के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *