Headlines

11 हजार वोल्ट के तार से राजमिस्त्री की मौत:मकान निर्माण में लगा था, हाईवोल्टेज वायर से सटा सिर; झुलसकर गई जान




समस्तीपुर में 11 हजार वोल्ट बिजली के तार से राजमिस्त्री की मौत हो गई। मृतक वैशाली के पातेपुर थाना क्षेत्र मथुरापुर कैजू वार्ड-11 के रहने वाले चौकीदार पासवान के बेटे अजय पासवान (33) हैं। अजय मकान निर्माण के कार्य में लगे थे। मृतक के भाई विजय पासवान ने बताया कि ठेकेदार दिनेश दास उनके भाई अजय पासवान को काम कराने के लिए दिघरूआ गांव लेकर गए थे। गांव के मुकेश सिंह के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। मकान की छत के ऊपर से 11000 वोल्ट का बिजली तार काफी नीचे से गुजर रहा था। विजय के अनुसार, अजय ठेकेदार के साथ मकान की छत पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसका सिर 11000 वोल्ट के बिजली तार से सट गया, झुलसकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना ताजपुर थाना क्षेत्र के दिघरूआ गांव की है। ‘मकान मालिक ने लाश छिपा दी थी’ विजय ने आरोप लगाया कि घटना के बाद मकान निर्माण करा रहे मुकेश सिंह और उनके परिवार के लोगों ने शव को इधर-उधर छिपाकर रखा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद हमलोग दिघरूआ गांव पहुंचे। इसके बाद ताजपुर थाने की पुलिस को घटना की सूचना दी। घटना की सूचना मिलने पर ताजपुर थाने की पुलिस पहुंची और शव को गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
तार की ऊंचाई बढ़वानी चाहिए थी विजय पासवान ने आरोप लगाया कि मकान की छत के काफी नीचे से 11000 वोल्ट का बिजली तार गुजर रहा था। निर्माण कार्य शुरू कराने से पहले लाइन को बंद करवाना चाहिए था या तार की ऊंचाई बढ़वाना जरूरी था। मकान मालिक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। विजय का कहना है कि यदि समय रहते बिजली लाइन कटवा दी जाती या तार की ऊंचाई बढ़ा दी जाती तो उनके भाई की जान बच सकती थी। 5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया मृतक के भाई ने बताया कि अजय पासवान पांच बच्चों के पिता थे। उसकी चार बेटियां और एक बेटा है, जो अभी काफी छोटे हैं। अजय की मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
ताजपुर थानाध्यक्ष संजय भारती ने बताया कि करंट लगने से मजदूर की मौत हुई है। परिवार की ओर से अभी तक आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना में लापरवाही की बात सामने आ रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *