Headlines

बक्सर में यूपी नंबर पिकअप से 6 सांड बरामद:तस्कर फरार, एक सांड की मौत; चौसा की ओर ले जाने का शक




बक्सर जिले में गोवंश के अवैध परिवहन का एक और मामला सामने आया है। हादीपुर के पास ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश नंबर की एक पिकअप वैन से छह सांड बरामद किए हैं। यह वाहन भी चौसा की ओर जा रहा था। गुरुवार सुबह हादीपुर के पास ग्रामीणों ने एक पिकअप को संदिग्ध अवस्था में देखा। बताया गया कि वाहन का पिछला पहिया टूट गया था, फिर भी चालक तीन पहियों के सहारे उसे भगाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वाहन के अंदर से पशुओं के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी, जिससे ग्रामीणों को शक हुआ। सुबह टहल रहे ग्रामीणों ने पिकअप का पीछा करना शुरू किया। कुछ दूर आगे जाकर चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने जब पिकअप पर लगा तिरपाल हटाया, तो देखा कि छह सांडों को बेहद कम जगह में ठूंसकर भरा गया था। इनमें से एक सांड की मौत हो चुकी थी। फरार चालक की पहचान में जुटी पुलिस ग्रामीणों ने जीवित पांच सांडों को वाहन से बाहर निकाला और उन्हें पानी पिलाया। घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप और जीवित गोवंशों को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। पुलिस अब पिकअप के पंजीकरण नंबर यूपी 32 जेएन 9849 के आधार पर वाहन मालिक और फरार चालक की पहचान करने में जुटी है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही भांवरकोल थाना क्षेत्र में नाव के जरिए उत्तर प्रदेश से बिहार की ओर 60 गोवंशों को ले जाने का मामला सामने आया था, जिनकी मंजिल भी चौसा बताई जा रही थी। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोवंशों को कहां से लाया गया था और चौसा में उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। गोवंशों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया एक दिन पहले भांवरकोल थाना क्षेत्र में पकड़ी गई नाव और अब हादीपुर में बरामद पिकअप, दोनों मामलों में गोवंशों को चौसा की ओर ले जाने की प्रारंभिक जानकारी सामने आने से स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज है। लगातार दो दिनों में सामने आए इन मामलों से इस मार्ग पर गोवंशों के परिवहन को लेकर पुलिस के सामने जांच का दायरा बढ़ गया है। मुफस्सिल थाना अध्यक्ष शंभु भगत ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। वाहन और गोवंशों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *