Headlines

दरभंगा में आम वाहनों से 7 करोड़ का चालान:डायल-112 की बाइक बिना हेलमेट सिविल ड्रेस में चलाई, उसपर कार्रवाई नहीं




दरभंगा में इस साल जनवरी से जुलाई तक 42,663 वाहनों पर चालान काटा गया है। ₹7,88,68,200 रुपए वसूले गए हैं। 7 महीने में ये वसूली 2025 में पूरे साल वसूली गई राशि से ज्यादा है। पिछले साल ₹7.63 करोड़ का जुर्माना लगा था। अब सवाल उठ रहा है कि सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी क्या इसी तरह कार्रवाई होगी ? नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया है। जिसमें में डायल-112 लिखी एक बाइक को सिविल ड्रेस में एक व्यक्ति चलाता हुआ दिखाई दे रहा है। गाड़ी के पीछे एक स्कूली बच्चा बैठा है।
वीडियो बनाने वाले युवक ने जब बाइक सवार से सवाल किया कि क्या डायल-112 के लोग स्कूल से बच्चों को भी लाते हैं, तो चालक ‘रुको-रुको’ कहता नजर आता है। इसके बाद वीडियो बनाने वाला युवक वहां से आगे निकल जाता है। यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चा किस परिस्थिति में बाइक पर बैठा था। वीडियो वायरल होने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे हैं। राष्ट्रीय जनता दल के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से भी वीडियो पोस्ट किया गया है। पोस्ट में बिहार पुलिस पर यातायात नियमों के पालन को लेकर आरोप और सवाल उठाए गए हैं। बिना हेलमेट के नजर आ रहे पुलिसकर्मी वहीं, दूसरी तरफ शहर की सड़कों पर अक्सर कुछ पुलिसकर्मी बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ट्रिपल लोडिंग में वाहन चलाते नजर आते हैं। कुछ निजी वाहनों पर मोटे अक्षरों में ‘पुलिस’ लिखकर यातायात नियमों की अनदेखी की जाती है। डायल-112 की बाइक से गश्ती करने वाले कुछ पुलिसकर्मी भी बिना हेलमेट नजर आ रहे हैं। महिला पुलिसकर्मियों के स्कूटी चलाते समय हेलमेट नहीं पहनने के मामले भी लोगों के बीच चर्चा का विषय है। पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का इंतजार
दरभंगा पुलिस वाहन चालकों से हेलमेट, सीट बेल्ट, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक दस्तावेज और अन्य यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर रही है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की बात भी कही जा रही है।
लेकिन आम लोगों के बीच अब यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि जब नियम सभी के लिए समान हैं, तो क्या पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान भी नियम तोड़ने पर चालान की कार्रवाई का सामना करेंगे? क्या बिना हेलमेट बाइक चलाने, ट्रिपल लोडिंग करने या अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी उसी तरह जुर्माना लगाया जाएगा, जिस तरह आम वाहन चालकों पर लगाया जा रहा है? वीडियो की जांच कराई जाएगी- ट्रैफिक डीएसपी ट्रैफिक डीएसपी प्रकाश कुमार ने बताया कि मीडिया से मुझे इस मामले की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि पुलिस पदाधिकारी या अधिकारी की संलिप्तता और नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मामले से संबंधित वीडियो अब तक पुलिस को नहीं मिला है। जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *