- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar
3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

बेंगलुरु के एक 5-स्टार होटल में दो बच्चियों के शव बेड पर मिले, जबकि उनके पिता गंभीर हालत में टॉयलेट में मिले। पुलिस के मुताबिक, 40 साल के एसजी इमरान ने पहले अपनी 10 और 5 साल की बेटियों की गला घोंटकर हत्या की और फिर चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। होटल सिक्योरिटी ने उसे मणिपाल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर है।
पुलिस के मुताबिक, इमरान अपनी पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक करता था। पुलिस सूत्रों ने उसके हवाले से बताया कि उसने कहा, “मैं नहीं चाहता था कि मेरे बच्चे ऐसी मां के साथ बड़े हों, इसलिए मैंने उन्हें और खुद को मारने का फैसला किया।” इमरान अपनी दोनों बेटियों के साथ रविवार शाम होटल में चेक-इन हुआ था।
सोमवार शाम करीब 4 बजे होटल स्टाफ सफाई के लिए कमरे में पहुंचा। दरवाजा नहीं खुलने पर अंदर जाने पर दोनों बच्चियों के शव बेड पर मिले। डीसीपी जीके मिथुन कुमार ने बताया कि इमरान ने बच्चियों की हत्या करने की बात कबूल की है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिवार से पूछताछ के बाद हत्या की असली वजह और घटनाक्रम का पता चलेगा।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
अरुणाचल सीमा पर फायरिंग में असम के 12 लोग घायल, जमीन कब्जे पर विवाद

असम के धीमाजी जिले में सोमवार सुबह अरुणाचल प्रदेश सीमा के पास फायरिंग में 12 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, जमीन पर कब्जे के विवाद के बाद यह घटना हुई।
घटना गेरुकामुख थाने के गोगामुख राजस्व सर्किल में असम-अरुणाचल सीमा पर स्थित मिंगमंग बस्ती में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सीमा पार से आए लोगों ने असम के ग्रामीणों को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की।
घायलों को पहले गोगामुख ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 7 लोगों को गंभीर हालत में धीमाजी सिविल अस्पताल भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को बेहतर इलाज के लिए असम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर किया गया।
दीपके ने गांवों के स्कूल सुधार अभियान का ऐलान किया, 15 अगस्त से सरपंचों को जोड़ने की अपील

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने गांवों के सरकारी स्कूलों की सुविधाएं सुधारने के लिए देशव्यापी अभियान का ऐलान किया है। यह अभियान 15 अगस्त से शुरू होगा।
उन्होंने ने अभिभावकों से स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं का सोशल ऑडिट करने और सरपंचों से सरकारी स्कूलों को सुधारने की जिम्मेदारी उठाने की अपील की।
दीपके ने वीडियो जारी कर कहा कि वह महाराष्ट्र के अपने गांव हिंगोली से इस अभियान की शुरुआत करेंगे।
अमेरिकी राजदूत ने विदेश सचिव मिश्री से मुलाकात की

सोमवार को भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने विदेश सचिव विक्रम मिश्री से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने शिवसेना के राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा से भी अलग बैठक की।
दोनों बैठकों में भारत-अमेरिका संबंधों, व्यापार और निवेश पर चर्चा हुई। गोर ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर दोनों मुलाकातों की जानकारी साझा की।
असम सरकार साइंस सिटी के लिए 100 करोड़ देगी, सीएम बोले- मार्च 2027 तक पूरा होने की उम्मीद

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को कामरूप मेट्रो जिले के सोनापुर स्थित गुवाहाटी साइंस सिटी का दौरा किया। उन्होंने केंद्र में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में साइंस सिटी के विकास के अगले चरण के लिए तय कामों की प्रगति की जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने मीडिया से कहा कि साइंस सिटी का औपचारिक उद्घाटन पांच महीने पहले हुआ था। साइंस सिटी को लोगों के लिए ज्यादा आकर्षक और उपयोगी बनाने के लिए 100 करोड़ रुपए अतिरिक्त देगी।

