शेखपुरा जिले में बरबीघा-शेखपुरा मुख्य सड़क मार्ग पर मिर्जापुर के पास 27 जुलाई को अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए एक 30 वर्षीय मजदूर की पटना के पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई।
.
मृतक की पहचान बरबीघा थाना क्षेत्र के लालूनगर सर्वा गांव निवासी गौरी मांझी के पुत्र विपिन मांझी के रूप में हुई है।
यह घटना 27 जुलाई को हुई थी, जब विपिन मांझी एक लाइन होटल के समीप सड़क किनारे चल रहा था।


गंभीर हालत में PMCH रेफर
इसी दौरान शेखपुरा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे में विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल मजदूर को तुरंत इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बरबीघा में भर्ती कराया।
उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया।
पावापुरी में भी हालत गंभीर बनी रहने के कारण उसे पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा शव
मजदूर की मौत के बाद उसका शव विशेष वाहन से उसके घर लालू नगर लाया गया। बरबीघा थाना पुलिस ने मृतक का शव जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
इस संबंध में बरबीघा थाना अध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि घटना को लेकर लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विपिन मांझी अपने पांच सहोदर भाइयों में मंझला था। वह अपने पीछे अपनी पत्नी और चार छोटे बच्चे छोड़ गया है।
