![]()
भाजपा के वरिष्ठ नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने रविवार को भागलपुर में पीसी की। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी। प्रशांत किशोर ने सीएम सम्राट चौधरी की शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठाया तो जिसको शाहनवाज ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राजनीति में व्यक्तिगत टिप्पणियों के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। शाहनवाज हुसैन ने तर्क दिया कि बिहार विधानसभा में प्रशांत किशोर से अधिक शिक्षित विधायक और मंत्री हैं। केवल उच्च डिग्री होना ही योग्यता का एकमात्र पैमाना नहीं है। उन्होंने पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद किशोर का उदाहरण दिया, जबकि प्रशांत किशोर ने अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी। शाहनवाज ने प्रशांत किशोर को सलाह दी कि यदि उन्हें राजनीति करनी है, तो उन्हें राजनीतिक और जनहित के मुद्दे उठाने चाहिए, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियां करनी चाहिए। कांग्रेस छात्रों के मुद्दों का राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रही है शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता के पद की अपनी गरिमा और मर्यादा होती है। हुसैन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इस मर्यादा का उल्लंघन कर रहे हैं। छात्रों-युवाओं के मुद्दों को राजनीतिक मंच के रूप में उपयोग कर रहे हैं। पेपर लीक के मुद्दे पर शाहनवाज हुसैन ने बताया कि केंद्र सरकार ने संसद में इस संबंध में एक कठोर कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि कांग्रेस शासित राज्यों में युवाओं की भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं की क्या स्थिति है। शाहनवाज हुसैन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब छात्रों के मुद्दों का राजनीतिकरण करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के हित में आंदोलनों और मुद्दों को राजनीतिक रंग देने के बजाय उनके समाधान पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए।
‘जनादेश का सम्मान, हार की होगी समीक्षा’
बांकीपुर उपचुनाव के परिणाम पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भाजपा जनता के जनादेश का सम्मान करती है। पार्टी इस बात पर मंथन करेगी कि आखिर यह सीट हाथ से क्यों निकली। प्रशांत किशोर पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पहली बार चुनाव जीतने के बाद ज्यादा इतराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जीत और हार होती रहती है और जनता का फैसला सर्वोपरि है।
‘जनता के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए’
शाहनवाज हुसैन ने प्रशांत किशोर पर राजनीतिक दोहरे रवैये का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान वे मुस्लिम समाज के बीच जाकर एनडीए के खिलाफ वोट मांगते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद एनडीए के घटक दलों और नेताओं से मुलाकात करते हैं। भाजपा नेता ने कहा कि राजनीतिक दलों और नेताओं को जनता के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा के अनुरूप नहीं है।
Source link
