Headlines

छरियारी गांव में मिली मानसिक विक्षिप्त महिला:पुलिस ने परिजनों से मिलवाया, भटकते हुए पहुंची थी




जहानाबाद में मखदुमपुर थाना क्षेत्र के छरियारी गांव में मिली 65 वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर महिला को पुलिस ने रविवार को सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल के कारण यह संभव हो सका। महिला की पहचान सविता देवी, पति देव लाल सिंह, निवासी कुरथा डीह, ढोंरहा चक, कुर्था, जहानाबाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह भटककर छरियारी गांव पहुंच गई थीं और शुरुआत में अपना सही पता बताने में असमर्थ थीं। मामले की जानकारी मिलने के बाद मखदुमपुर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिला की पहचान और उनके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया। पुलिस के प्रयासों से महिला के परिजनों की पहचान हुई और उन्हें सूचना दी गई। इसके बाद सविता देवी को उनके पति देव लाल सिंह के सुपुर्द कर दिया गया। काफी समय बाद परिवार की सदस्य को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशील पहल के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में पुलिस द्वारा की गई इस मानवीय पहल की सराहना की। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के इस कार्य की प्रशंसा की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *