9 अगस्त को सिमुलतला आवासीय विद्यालय का 17वां स्थापना दिवस:सज-धज कर तैयार हुआ परिसर, डीएम और एसपी बढ़ाएंगे बच्चों का हौसला




सिमुलतला आवासीय विद्यालय का 17वां स्थापना दिवस समारोह कल आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए विद्यालय परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह में जमुई के जिलाधिकारी नवीन और आरक्षी अधीक्षक विश्वजीत दयाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए शामिल होंगे। पिछले एक पखवाड़े से छात्र-छात्राएं कार्यक्रम की तैयारी में जुटे हुए थे। संस्कृत शिक्षक आशीष कुमार पांडेय के कुशल मार्गदर्शन में श्रद्धा, अर्पिता, आर्या, स्वाती और आदित्य की टीम मंच संचालन की कमान संभालेगी। यह समारोह दो सत्रों में आयोजित होगा, जिसका प्रथम सत्र प्रातः 10:30 बजे से शुरू होगा। छात्राओं द्वारा अतिथियों का वैदिक रीति से स्वागत किया जाएगा। मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इस दौरान जिलाधिकारी नवीन, एसपी विश्वजीत दयाल और अन्य गणमान्य अतिथियों को हरित पौधा, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। बच्चों द्वारा हस्तलिखित पत्रिका ‘नवांकुर बिहार’ का भी अतिथियों द्वारा विमोचन किया जाएगा। विद्यालय के नए कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। परिसर में वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी होगा और विद्यालय का नाम रोशन करने वाले पूर्ववर्ती छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बिहार की ऐतिहासिक विरासत और विविध लोककलाओं का संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम का सांस्कृतिक आगाज गणेश वंदना और देवी स्तुति से होगा। इसके बाद राग देस पर शास्त्रीय गायन और छात्रों द्वारा तबला वादन प्रस्तुत किया जाएगा। ‘बिहार गौरव’ लोकनृत्य की विशेष प्रस्तुति राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेगी। इसके अतिरिक्त बिदेसिया, मयूर नृत्य, गोदना नृत्य, झूमर और राजस्थानी नृत्य की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। भक्ति व लोकगीत कार्यक्रम के तहत ‘जय जय शिव शंभू’ व शिव स्तुति की धार्मिक प्रस्तुति होगी। पारंपरिक कजरी और लोकगीतों की धुनें भी सुनाई देंगी। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ इस आयोजन का समापन होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *