![]()
मोहनिया थाना क्षेत्र के स्टुअर्टगंज में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर एक महिला से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। खुद को तांत्रिक बताकर महिला से मिले गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के छेवरी गांव निवासी ईश्वर दयाल यादव (पिता- स्व. धर्मदेव यादव) और उसके बेटे अर्जुन कुमार के रूप में हुई है। स्टुअर्टगंज निवासी पीड़िता अंजली देवी ने पुलिस को बताया कि उनके मामा हर्षवर्धन पासवान बीते 10 वर्षों से गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। इसी दौरान आरोपियों ने खुद को तांत्रिक बताकर महिला से संपर्क किया। बोले-11 दिनों के जाप से ठीक कर देंगे आरोपियों ने दावा किया कि वे मात्र 11 दिनों के जाप और तंत्र-मंत्र से मरीज को पूरी तरह ठीक कर देंगे। इसके एवज में उन्होंने झांसा देकर महिला से उनके सोने-चांदी के गहने ले लिए। इन गहनों में नाथिया, मंगटीका, झुमका, गले का हार और पैंजनी शामिल थे, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹9 लाख बताई जा रही है। गहने लेने के बाद आरोपियों ने पीड़ित महिला को दो जड़ी-बूटी देकर कमर में बांधने को कहा और वहां से फरार हो गए। गहने लेकर गायब होने के बाद जब महिला ने उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका फोन स्विच ऑफ आने लगा। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने परिजनों के साथ खोजबीन की और मोहनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
मोहनिया में महिला से 9 लाख के जेवर ठगे:मरीज ठीक करने का झांसा, झाड़-फूंक के नाम पर धोखाधड़ी ; 2 आरोपी अरेस्ट
