![]()
बेतिया के मझौलिया रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को बेतिया-सुगौली रेलखंड के ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव दो हिस्सों में बंटा हुआ था, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल मझौलिया थाने को दी गई। सूचना मिलते ही मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर बिखरे शव के हिस्सों को एकत्र कर कब्जे में लिया और कानूनी प्रक्रिया शुरू की। घटना की जानकारी मिलने पर रेल पुलिस (जीआरपी) भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच में जुट गई। पहचान होने के बाद कारण होगा अस्पष्ट पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। शव के पास से कोई ऐसा दस्तावेज या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी तत्काल पहचान हो सके। पुलिस आसपास के लोगों और यात्रियों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी ट्रेन की चपेट में आ गया। हालांकि, यह हादसा है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। शव की पहचान में जुटी पुलिस मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जिस पर पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने का इंतजार करने की अपील की है।
Source link
मझौलिया रेवले ट्रैक पर 2 टुकड़ों में मिला शव:बेतिया पुलिस युवक की पहचान में जुटी, आसपास के लोगों से पूछताछ जारी
