![]()
जहानाबाद आज शुक्रवार को जिला प्रशासन ने युवाओं और विद्यार्थियों की समस्याओं को सीधे समझने तथा उनके त्वरित समाधान के उद्देश्य से ‘Gen Z संवाद’ नामक एक नई पहल शुरू की है। इसी क्रम में पहला संवाद कार्यक्रम एस.एन. सिन्हा कॉलेज, जहानाबाद के सभागार में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला पदाधिकारी छिरिंग नामग्याल भूटिया ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं, सुझावों तथा भविष्य की योजनाओं को गंभीरता से सुना। छात्रों ने कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, परिसर की समस्याओं, बेहतर सुविधाओं और नशा मुक्ति जैसे सामाजिक विषयों पर खुलकर अपनी बात रखी। छात्राओं की सुविधाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर चर्चा जिलाधिकारी ने सहज और आत्मीय माहौल में विद्यार्थियों के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार सकारात्मक और व्यावहारिक हैं। प्रशासन विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगा तथा प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे प्रशासन से सीधे संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए बेहतर सुविधाओं तथा डिफेंस और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक कक्षाओं एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि लड़के और लड़कियां समान हैं तथा सभी को समान अवसर और सुविधाएं मिलनी चाहिए। कॉलेज के प्राचार्य ने ‘Gen Z संवाद’ को एक सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के स्वयं कॉलेज पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत करने से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ा है। प्राचार्य ने यह भी उल्लेख किया कि बच्चों ने खुलकर अपनी समस्याएं, विचार और सपने साझा किए और जिलाधिकारी ने भी उनकी बातों को गंभीरता से समझने का प्रयास किया। जिला प्रशासन के अनुसार, ‘Gen Z संवाद’ प्रत्येक सप्ताह जिले के अलग-अलग महाविद्यालयों एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
Source link
जहानाबाद DM ने सुनीं छात्रों की समस्याएं:Gen Z संवाद में स्टूडेंट्स ने शिक्षा, सुविधाओं और नशा मुक्ति पर रखी बात
