![]()
बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव परिसीमन और नए आरक्षण रोस्टर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी माना कि इन प्रक्रियाओं के कारण चुनाव की निर्धारित समय-सीमा बढ़ सकती है। शुक्रवार सुबह पटना से मधेपुरा जाते समय बख्तियारपुर फोरलेन मोड़ पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने मंत्री दीपक प्रकाश का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा “दीपक प्रकाश जिंदाबाद” और “एनडीए जिंदाबाद” के नारे लगाए। इस दौरान सबनिमा गांव के युवा समाजसेवी विद्या प्रकाश, राष्ट्रीय लोक मोर्चा पटना पूर्वी के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार, राजकुमार राजू, रमाशंकर कुमार, सज्जन कुमार, डॉ. रविंद्र कुमार शर्मा, कन्हैया शर्मा, प्रिंस कुमार, विशाल जी, मुन्ना जी, प्रेम कुमार गुलशन, अमित कुमार ‘पप्पू’ सहित बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत के बाद मंत्री ने असम टी स्टॉल पर रुककर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। मीडिया से बातचीत में मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि पंचायत चुनाव से पहले परिसीमन का कार्य पूरा किया जाएगा। इसके बाद नए आरक्षण रोस्टर का निर्धारण होगा और फिर चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग इस दिशा में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और राज्य सरकार आयोग को हरसंभव सहयोग दे रही है। हालांकि, उन्होंने चुनाव की संभावित तिथि बताने से इनकार करते हुए कहा कि परिसीमन की समय-सीमा तय करने का अधिकार चुनाव आयोग के पास है। विभाग इस प्रक्रिया में सीधे हस्तक्षेप नहीं करता। ओबीसी आरक्षण और ट्रिपल टेस्ट से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार चुनाव आयोग के सभी दिशा-निर्देशों और कानूनी प्रावधानों का पूरी तरह पालन करेगी। मंत्री के इस बयान के बाद बिहार में पंचायत चुनाव की संभावित समय-सीमा और तैयारियों को लेकर राजनीतिक एवं प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
Source link
पंचायत राज मंत्री ने दिए चुनाव में देरी के संकेत:बोले – परिसीमन, आरक्षण रोस्टर के बाद ही होंगे इलेक्शन
