Headlines

कुर्था में किसान की करंट लगने से मौत:खेत में उर्वरक छिड़कते समय हादसा हुआ




कुर्था थाना क्षेत्र के मेदनीपुर बड़हिया गांव में गुरुवार शाम विद्युत स्पर्शाघात से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 60 वर्षीय अम्बिका प्रसाद के रूप में हुई है, जो लक्ष्मी प्रसाद के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, अम्बिका प्रसाद गुरुवार शाम करीब पांच बजे अपने धान के खेत में खाद-उर्वरक का छिड़काव करने गए थे। परिजन के मुताबिक, वे प्रतिदिन की तरह खेत में काम करने निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार के लोग चिंतित हुए। रात करीब 10 बजे जब वे खेत पहुंचे, तो अम्बिका प्रसाद मृत अवस्था में पड़े मिले। उनके शरीर पर करंट लगने के स्पष्ट निशान थे। परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि यह हादसा खेत के आसपास बिजली के तार की चपेट में आने से हुआ। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय कुर्था थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अरवल भेज दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि अम्बिका प्रसाद खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी आकस्मिक मौत से परिवार में दुख का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *