![]()
सीतामढ़ी के जिला परिवहन कार्यालय (DTO) में दलाली और बाहरी व्यक्तियों की सक्रियता की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के बाद बुधवार को जिलाधिकारी रिची पांडेय ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया शिकायतें सही पाए जाने पर डीएम ने दो होमगार्ड जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया है। इस कार्रवाई से जिला परिवहन कार्यालय में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कुछ होमगार्ड कर्मियों पर कार्यालय परिसर में दलाली को बढ़ावा देने और बाहरी व्यक्तियों को संरक्षण देने का आरोप था। बाहरी व्यक्तियों की कार्यालय परिसर में सक्रियता जांच में अनियमितताएं सामने आने पर होमगार्ड जवान त्रिपुरारी सिंह और इशकी लाल को निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने तथा प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, निरीक्षण में रवि कुमार उर्फ फुद्दू और राजकुमार नामक दो बाहरी व्यक्तियों की भी कार्यालय परिसर में सक्रियता पाई गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि ये दोनों जिला परिवहन कार्यालय से जुड़े विभिन्न कार्यों में अभ्यर्थियों की ओर से हस्तक्षेप करते थे। कानूनी कार्रवाई के निर्देश-जिलाधिकारी उनके खिलाफ पैसे लेकर काम कराने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। डीएम ने इनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी को कार्यालय की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बाहरी व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने तथा दलाली की किसी भी संभावना को समाप्त करने को कहा। साथ ही, आम लोगों को बिना किसी बिचौलिये के समयबद्ध और सुगम सेवा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम रिची पांडेय ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार, दलाली और अनधिकृत हस्तक्षेप किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले कर्मियों, पदाधिकारियों और बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
DTO ऑफिस में 2 होमगार्ड निलंबित, FIR का निर्देश:DM बोले- भ्रष्टाचार-दलाली बर्दाश्त नहीं, निरीक्षण में शिकायतें सही मिलीं
