![]()
किशनगंज सदर थाना क्षेत्र में एक महिला ने तीन लोगों पर रंगदारी मांगने, मारपीट करने, सोने की चेन छीनने, सार्वजनिक रूप से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता माला देवी, जो मोती बाग कर्बला, किशनगंज की निवासी हैं और उत्तम चौहान की पत्नी हैं, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि यह घटना 28 जुलाई 2026 की शाम करीब छह बजे लोहरपट्टी रोड स्थित सब्जी मंडी में हुई। 21 लाख रुपये की रंगदारी मांगी
महिला के अनुसार, इसी दौरान धर्मगंज निवासी सतनाम सिंह, चिन्टु सिंह और गुडविन्दर सिंह ने उन्हें बीच बाजार में रोक लिया। आरोपियों ने उनके पति के बारे में पूछताछ करते हुए 21 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। आरोप है कि रंगदारी न देने पर पति की हत्या की धमकी दी गई। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो सतनाम सिंह ने उनके साथ मारपीट की। आवेदन में बताया गया है कि मारपीट के दौरान चिन्टु सिंह ने महिला के गले से लगभग एक भर वजन की सोने की चेन छीन ली। गुडविन्दर सिंह पर महिला के कपड़े खींचकर सार्वजनिक रूप से उनकी लज्जा भंग करने का भी आरोप है। महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे। भीड़ को देखकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि जाते-जाते आरोपियों ने उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद महिला ने सदर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की। टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
किशनगंज में महिला से रंगदारी मांगी:न देने पर पति की हत्या की धमकी, बीच बाजार रोककर आरोपियों ने सोने की चेन छीनी
