![]()
बेगूसराय सदर प्रखंड के कैथ पंचायत में दमदमा से चेरिया-मनिकपुर को जोड़ने वाली मुख्य पीसीसी सड़क का एक हिस्सा लगातार बारिश के कारण धंस गया है। देबू पासवान के खेत के पास सड़क पर बड़ा गड्ढा बन जाने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। इससे बरैठ, दमदमा, वनवारा, कैथ, चेरिया और मनिकपुर सहित आसपास के कई गांवों के 20 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों नीतीश कुमार, अभिजीत कुमार, परमानंद शर्मा और ललिता कुमारी ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति से बुजुर्गों, महिलाओं, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। मध्य एवं उच्च विद्यालयों के छात्र-छात्राएं प्रतिदिन इसी मार्ग से आते-जाते हैं, जिससे उन्हें हर दिन जोखिम उठाना पड़ता है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों के अनुसार, इस स्थान पर आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। सड़क की जर्जर स्थिति का असर किसानों पर भी पड़ रहा है। खेतों तक पहुंचने, फसल की ढुलाई करने तथा पशुओं के लिए चारा लाने-ले जाने में उन्हें भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कई बार ट्रैक्टर और अन्य वाहन धंसे हुए हिस्से में फंस जाते हैं, जिससे समय के साथ आर्थिक नुकसान भी होता है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय अंधेरा होने तथा चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग नहीं होने से हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि अब तक सड़क की मरम्मत या सुरक्षा के लिए कोई अस्थायी व्यवस्था भी नहीं की गई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अविलंब सड़क की मरम्मत एवं आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कैथ पंचायत के मुखिया कृष्ण कुमार पोद्दार से अविलंब सड़क की मरम्मत और क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही, जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक दुर्घटनाओं से बचाव के लिए चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग लगाने की भी मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
Source link
चेरिया-मनिकपुर को जोड़ने वाली पीसीसी सड़क बारिश के कारण धंसा:रोड पर बड़ा गड्ढा बना, ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग
