![]()
सहरसा के नवहट्टा प्रखंड स्थित डरहार थाना क्षेत्र में दो सगी बहनों की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। यह घटना भेलाही के समीप एक निर्माणाधीन पुल के पास हुई। पुलिस ने शुक्रवार को शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। मृतक बच्चियों की पहचान गोविंदपुर वार्ड नंबर 05 निवासी नंदन यादव की 4 वर्षीय पुत्री निक्की कुमारी और 7 वर्षीय निभा कुमारी के रूप में हुई है। दोनों बहनें भेलाही प्राथमिक विद्यालय की छात्रा थीं। गुरुवार शाम करीब 4:00 बजे वे स्कूल से लौट रही थीं, तभी भेलाही स्थित निर्माणाधीन पुल के पास खोदे गए गड्ढे में पैर फिसलने से गिर गईं। गुरुवार रात तक परिजनों ने दोनों बच्चियों की काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह उनके शव गड्ढे में तैरते हुए मिले। इसके बाद डरहार थाने की पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर डरहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लिया। शुक्रवार सुबह ही शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। डरहार थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ने घटना की पुष्टि की है। एक ही परिवार की दो बेटियों की मौत से पूरे परिवार में गहरा मातम पसरा हुआ है।
Source link
सहरसा में 2 सगी बहनों की डूबने से मौत:निर्माणाधीन पुल के गड्ढे में गिरीं, स्कूल से लौट रही थीं; पैर फिसलने से हादसा
