Headlines

Aurangabad NH-139 Diversion Construction Incomplete


औरंगाबाद जिले के कुटुंबा प्रखंड में दोमुहान स्थित बटाने नदी पुल के पास निर्माणाधीन डायवर्सन का कार्य अब भी अधूरा है। इस बीच मौसम विभाग ने 21 जुलाई यानी आज मंगलवार को जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।

.

आशंका जताई जा रही है कि अगर समय रहते डायवर्सन का निर्माण पूरा नहीं हुआ और लगातार तेज बारिश हुई तो बतरे- बटाने नदी में जलस्तर बढ़ने से निर्माणाधीन डायवर्सन को नुकसान पहुंच सकता है। इससे NH-139 पर आवागमन बाधित होने के साथ-साथ हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

बटाने नदी पर बने करीब 225 मीटर लंबे पुल में तकनीकी जांच के दौरान दरार मिलने के बाद 24 मई से भारी वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी। इसके बाद 25 मई से यात्री वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित कर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। साथ ही विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर यातायात को सुचारु बनाए रखने की व्यवस्था की गई थी।

डायवर्सन निर्माण का चल रहा काम।

डायवर्सन निर्माण का चल रहा काम।

9 जून की बैठक में बनी थी कार्य योजना

डायवर्सन निर्माण को लेकर 9 जून को जिला प्रशासन, एनएचएआई और संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों की बैठक हुई थी। निर्णय लिया गया था कि 13 जून को तकनीकी और 14 जून को वित्तीय बिड खोली जाएगी। इसके बाद 15 जून से निर्माण कार्य शुरू कराने की कार्य योजना तैयार की गई थी। हालांकि निविदा प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक औपचारिकताओं के कारण निर्माण कार्य निर्धारित तिथि पर शुरू नहीं हो सका और इसमें कुछ दिनों की देरी हुई।

बाद में जून के मध्य में करीब 4.56 करोड़ रुपए की लागत से डायवर्सन निर्माण का कार्य शुरू कराया गया। निर्माण एजेंसी को लगभग दो महीने के भीतर कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। वर्तमान में बड़े ह्यूम पाइप बिछाने का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। अब पाइपों के ऊपर मिट्टी भराई, सघनीकरण, दोनों ओर एप्रोच रोड का निर्माण और फिनिशिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर माना जा रहा है कि परियोजना का लगभग 70 से 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, हालांकि विभाग की ओर से अब तक इसकी आधिकारिक प्रगति रिपोर्ट जारी नहीं की गई है।

बारिश से पहले निर्माण कार्य पूरा करने की मांग।

बारिश से पहले निर्माण कार्य पूरा करने की मांग।

बाढ़ और कटाव की आशंका

मौसम विभाग की ओर से 21 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी जारी होने के बाद स्थानीय लोगों और एनएच-139 फोरलेन संघर्ष समिति ने अधूरे डायवर्सन को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि यदि लगातार तेज बारिश हुई और बटरे तथा बटाने नदी में बाढ़ की स्थिति बनी तो निर्माणाधीन डायवर्सन के कटाव का खतरा बढ़ सकता है। इससे निर्माण कार्य प्रभावित होने के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी बाधित हो सकता है। ऐसी स्थिति में आसपास के क्षेत्रों के लोगों, व्यापारियों और यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

स्थानीय लोगों ने एनएचएआई और निर्माण एजेंसी से मांग की है कि शेष कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए। साथ ही डायवर्सन के दोनों ओर सुरक्षा तटबंध, कटावरोधी व्यवस्था और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि संभावित बारिश के दौरान किसी प्रकार की क्षति न हो।

लोगों का कहना है कि एनएच-139 औरंगाबाद, कुटुंबा, नवीनगर समेत झारखंड,यूपी, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है। ऐसे में डायवर्सन का समय पर निर्माण और उसकी मजबूती सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आवागमन सुचारु बना रहे और लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

दोमुहान पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद बनाया जा रहा डायवर्सन।

दोमुहान पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद बनाया जा रहा डायवर्सन।

निर्धारित किया गया है वैकल्पिक रूट

दोमुहान पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद जिला प्रशासन की ओर से एनएच-139 पर पुल से होकर भारी वाहनों का आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। भारी वाहनों के आवागमन के लिए 12 चक्का तक के वाहनों को नबीनगर रोड होते हुए औरंगाबाद जाने की अनुमति दी गई है। 18 चक्का 22 चक्का तथा इससे अधिक भारी वाहनों को छतरपुर से जपला-दंगवार होते हुए बारुण जाने की अनुमति दी गई है। ऐसे में वाहन चालकों को अतिरिक्त दूरी तय करना पड़ रहा है। जिसके कारण परेशानी हो रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *