Headlines

बेतिया में आत्महत्या दुष्प्रेरण मामले में फरार आरोपियों पर कार्रवाई:पुलिस ने घर पर इश्तेहार चिपकाया, आत्मसमर्पण की दी चेतावनी




बेतिया के लौरिया थाना क्षेत्र के मिश्रा टोला में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपितों के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश पर शनिवार की शाम लौरिया पुलिस ने आरोपितों के घर डुगडुगी बजाकर इश्तेहार चिपकाया। पुलिस ने उन्हें शीघ्र न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपित निर्धारित अवधि में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध विधि सम्मत आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला बैरिया थाना क्षेत्र के मथौली गांव निवासी 26 वर्षीय राजा कुमार उपाध्याय की संदिग्ध मौत से जुड़ा है। कुछ दिन पूर्व राजा कुमार उपाध्याय का शव लौरिया के मिश्रा टोला स्थित किराए के मकान में पंखे से लटका मिला था। सूचना मिलते ही लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल की जांच की गई और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेजा गया। चार माह की गर्भवती है पत्नी राजा कुमार उपाध्याय का विवाह वर्ष 2024 में मरहिया गांव निवासी मृत्युंजय पांडेय की बेटी अंशु कुमारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। दंपती की डेढ़ वर्ष की एक पुत्री है, और अंशु कुमारी चार माह की गर्भवती बताई जा रही हैं। पारिवारिक विवाद के कारण राजा पिछले लगभग एक माह से मिश्रा टोला में किराए के मकान में रह रहे थे और वाहन परिचालन का व्यवसाय करते थे। उनके पास दो बोलेरो, एक कार और एक बोलेरो पिकअप वाहन था। ससुराल पक्ष पर हत्या का लगाया आरोप घटना के दिन उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं। जब वह लौटीं, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर स्थानीय लोगों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर राजा का शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मृतक के पिता ओमप्रकाश उपाध्याय ने अपने पुत्र की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस जांच के बाद मृतक के ससुर मृत्युंजय पांडेय, सास अंतिमा देवी तथा पत्नी अंशु कुमारी के विरुद्ध आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। तीनों आरोपित फिलहाल फरार हैं। इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई में एसआई जैसल कुमार, एसआई सुग्रीव कुमार, एसआई पल्लवी कुमारी तथा महिला सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के आत्मसमर्पण नहीं करने पर न्यायालय के निर्देशानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *