![]()
नालंदा जिले के हिलसा रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी की चार बोगियां अचानक बेपटरी हो गई। इस हादसे के कारण न केवल रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, बल्कि हिलसा-चिकसौरा मार्ग समेत कई रेलवे फाटकों पर भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जानकारी के मुताबिक एक खाली मालगाड़ी फतुहा से नटेसर की ओर जा रही थी। हिलसा स्टेशन में एंट्री के दौरान मालगाड़ी की चार बोगियां अचानक पटरी से उतर गई। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। स्टेशन प्रबंधन ने तत्काल उच्च अधिकारियों को जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम पहुंची।
ट्रेनों का परिचालन बाधित इस हादसे के कारण क्षेत्र में ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई है। प्रभावित ट्रेनों में मुख्य रूप से दिल्ली से इस्लामपुर जाने वाली मगध एक्सप्रेस, पटना-इस्लामपुर लोकल और इस्लामपुर-हटिया ट्रेन शामिल है। जांच के बाद मामला स्पष्ट होगा मौके पर मौजूद टीआई कुंदन कुमार ने बताया कि घटना के समय मालगाड़ी की स्पीड करीब 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी। ट्रेन किन परिस्थितियों में और किन कारणों से बेपटरी हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पटना से राहत और बचाव दल को मौके पर रवाना कर दिया गया है। रूट बहाली का काम प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जा रहा है। सड़क रूट पर भी असर रेलवे ट्रैक पर बोगियों के आने के कारण हिलसा से चिकसौरा जाने वाले मार्ग और आसपास के रेलवे फाटकों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। हालांकि जैसे ही इस बात की खबर सड़क मार्ग से चल रहे लोगों को मिली तो वे लोग वापस बाईपास के जरिए अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
Source link
हिलसा में मालगाड़ी की 4 बोगी पटरी से उतरी:रेल और सड़क यातायात ठप, एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेन प्रभावित; कोई जानी नुकसान नहीं
