Headlines

सुपौल-6 लोगों को कार ने रौंदा, 3 की मौत:कीर्तन के दौरान हादसा, 50 मीटर दूर दुकान में घुसी कार, घायलों की हालत गंभीर




सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कटैया चौक के पास NH-327ई किनारे बजरंगबली मंदिर के समीप हुआ। यहां कुछ लोग कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार फोर व्हीलर अनियंत्रित होकर कीर्तन कर रहे लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गया। छह लोग मंदिर के पास कर रहे थे कीर्तन बताया जा रहा है कि मंदिर के पास सड़क किनारे करीब छह लोग कीर्तन में शामिल थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहा वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन करीब 50 मीटर आगे जाकर एक दुकान में जा घुसा। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान वार्ड संख्या-12 निवासी तिलाई दास (65) और राजू दास (50) तथा वार्ड संख्या-15 निवासी सुरेंद्र यादव (45) के रूप में हुई है। वहीं, वार्ड संख्या-11 निवासी भुवनेश्वरी यादव और रामचंद्र यादव तथा वार्ड संख्या-13 निवासी कृष्ण मोहन साह घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने वाहन किया जब्त घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त फोर व्हीलर को कब्जे में ले लिया है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। डीएम ने एसडीएम को भेजा घटनास्थल मंगलवार देर रात डीएम सावन कुमार ने बताया कि एसडीएम को घटनास्थल पर भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *