5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को PM आवास के पास बनी तीन झुग्गी बस्तियों को खाली करने का आदेश दिया। कोर्ट ने यहां रहने वालों को 6 हफ्ते के अंदर वैकल्पिक जगह पर जाने को कहा है। यह जगह PM आवास से 45 KM दूर है। चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच ने कहा कि अगर जमीन खाली नहीं होती है तब दिल्ली सरकार पुलिस की मदद से जमीन खाली करा सकती है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
एक्टर प्रकाश राज ने कर्नाटक में SIR के विरोध का ऐलान किया, एक सितंबर को बेंगलुरु में रैली

एक्टर-फिल्ममेकर प्रकाश राज ने मंगलवार को ऐलान किया कि कर्नाटक में सिविल सोसाइटी संगठन बेंगलुरु में एक सितंबर को “इलेक्शन कमीशन चलो” अभियान शुरू करेगा। वे वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIR) का विरोध करेंगे। बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रकाश राज ने कहा कि सिविल सोसायटी ने SIR पर रोक लगाने के लिए कोर्ट जाने की योजना बनाई है। मालूम हो कि 2019 में एक वकील ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि प्रकाश राज के पास चार राज्यों के वोटर आईडी हैं, जिनमें कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना शामिल हैं। इस मामले में उनके खिलाफ वारंट भी जारी हुआ था।
सुप्रीम कोर्ट OBC क्रीमी-लेयर क्राइटेरिया पर सरकार की याचिका पर सुनवाई के लिए तैयार, स्पेशल बेंच बनाएगा
सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को केंद्र की उस याचिका पर सुनवाई के लिए एक स्पेशल बेंच बनाने पर विचार करने के लिए सहमत हो गया है। इसमें सिविल सर्विस एग्जाम (CSE) 2025 के कैंडिडेट्स पर OBC क्रीमी-लेयर क्राइटेरिया पर उसके 11 मार्च के फैसले के लागू होने पर सफाई मांगी गई है।
डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल एंड ट्रेनिंग ने सरकार को 11 मार्च के फैसले से पहले लागू OBC क्रीमी-लेयर निर्धारण के आधार पर CSE-2025 के लिए यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) द्वारा रिकमेंड किए गए 958 कैंडिडेट्स के सर्विस एलोकेशन के साथ आगे बढ़ने की अनुमति देने के लिए निर्देश मांगे हैं।
केजरीवाल का गोवा में E20 पेट्रोल पर रोक का वादा, बोले- सरकार बनी तो पांच दिन में फैसला करेंगे

अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को गोवा में कहा कि आम आदमी पार्टी की राज्य में सरकार बनी तो वो E20 पेट्रोल पर रोक लगा देंगे । उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा नहीं हुआ तो वे राजनीति छोड़ देंगे। गोवा में विधानसभा चुनाव 2027 में होने है। केजरीवाल के इस वादे के बाद एथेनॉल मिले पेट्रोल का विरोध BJP शासित राज्य में AAP के चुनावी अभियान का मुद्दा बन गया है।
सुप्रीम कोर्ट का तरुण तेजपाल को 3 हफ्ते में सरेंडर का आदेश, रेप केस में 10 साल की सजा मिली है

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को पत्रकार तरुण तेजपाल को 2013 के रेप केस में सरेंडर करने से छूट देने की याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने उन्हें 3 हफ्ते के अंदर सरेंडर करने का आदेश दिया है। इस मामले में तेजपाल को बॉम्बे हाईकोर्ट ने 6 अगस्त को 10 साल की सजा सुनाई थी।
दिल्ली में H1N1 के 2,300 मामले, CM रेखा गुप्ता ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई

दिल्ली में स्वाइन फ्लू H1N1 के करीब 2,300 मामले सामने आने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्थिति की समीक्षा के लिए इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। बैठक में संक्रमण की रोकथाम और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर चर्चा हो सकती है। दिल्ली में इस साल इन्फ्लूएंजा के लगभग 3,000 मामले सामने आए हैं।
कर्नाटक वन विभाग की कार्रवाई में 3 तमिल लोगों की मौत, DMK ने सरकार से मांगा जवाब

तमिलनाडु विधानसभा में DMK ने कर्नाटक वन विभाग की कार्रवाई में तीन तमिल लोगों की मौत का मुद्दा उठाया। विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने दावा किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीनों के शरीर पर गंभीर चोटों और बेहद करीब से गोली चलाए जाने के निशान मिले हैं। उन्होंने इसे क्रूर हत्या बताते हुए सरकार से कर्नाटक से जवाब मांगने और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। तीनों मृतकों की पहचान एंथनी सामी, जॉन रोज पीटर और कुमार के रूप में हुई है। वे कर्नाटक के चामराजनगर जिले में रहते थे और उन पर शिकार करने का आरोप था।
सुप्रीम कोर्ट ने 20 बागी TMC सांसदों को नोटिस भेजा, अभिषेक बनर्जी ने सदस्यता रद्द करने की मांग की थी

सुप्रीम कोर्ट ने TMC नेता अभिषेक बनर्जी की याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति जताई है। याचिका में लोकसभा स्पीकर से 20 बागी सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग पर जल्द फैसला लेने का निर्देश देने की मांग की गई है। कोर्ट ने सभी 20 सांसदों को नोटिस जारी किया है। TMC का आरोप है कि सांसदों ने दूसरी पार्टी से जुड़कर दल-बदल कानून का उल्लंघन किया है, जबकि बागी सांसद इसे वैध विलय बता रहे हैं। अभिषेक बनर्जी ने स्पीकर से इस मामले में जल्द फैसला लेने की मांग की थी।
आंध्र प्रदेश के श्रीशैलम में एक ही परिवार के 5 लोग मरे हुए मिले, सुसाइड का शक

आंध्र प्रदेश के श्रीशैलम में एक लॉज के कमरे से एक ही परिवार के 5 लोगों के शव मिले। पुलिस को शुरुआती जांच में स्वास्थ्य और आर्थिक परेशानियों के चलते सामूहिक सुसाइड की आशंका है। मरने वालों में 36 साल के सुधाकर, उनकी तीन बहनें और 15 साल का भांजा शामिल हैं। सभी 28 जुलाई को श्रीशैलम पहुंचे थे। कमरे का दरवाजा बंद मिलने और बदबू आने पर लॉज कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार परिवार आर्थिक तंगी और स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान था। मामले की जांच जारी है।
धतूरा बेचने पर कर्नाटक सरकार ने अमेजन, स्विगी, इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के फूड लाइसेंस निलंबित किए

कर्नाटक सरकार ने ऑनलाइन धतूरा फल और बीज बेचने के मामले में अमेजन, स्विगी, इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित करने का निर्देश दिया है। सरकार ने संबंधित विक्रेताओं और सप्लायर्स के लाइसेंस भी निलंबित करने को कहा है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से धतूरे की बिक्री, विज्ञापन और प्रमोशन तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, धतूरे के फल और बीज जहरीले होते हैं और इन्हें खाने से गंभीर स्वास्थ्य नुकसान हो सकता है। इसलिए इन्हें मानव उपभोग के लिए ऑनलाइन बेचना या वितरित करना जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता है। कंपनियों को निर्देशों का तुरंत पालन करने को कहा गया है और लाइसेंस निलंबन हटाने पर बाद में सुनवाई के बाद फैसला लिया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर के सांबा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर गिरा; एक की मौत 3 घायल

जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के विजयपुर के जख इलाके में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा अचानक गिर गया। हादसा निर्माण कार्य के दौरान हुआ।
इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है।
कलकत्ता हाईकोर्ट से अभिषेक बनर्जी की गिरफ्तारी पर 30 नवंबर तक रोक

कलकत्ता हाईकोर्ट ने TMC सांसद अभिषेक बनर्जी को तीन आपराधिक मामलों में राहत देते हुए 30 नवंबर तक उनके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई न करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि फिलहाल उनकी हिरासत में पूछताछ की जरूरत नहीं है। हालांकि, अभिषेक को जांच में सहयोग करना होगा और पूछताछ के लिए कम से कम 48 घंटे पहले नोटिस देना होगा।
कोर्ट ने बिना अनुमति विदेश जाने पर भी रोक लगाई है। हालांकि, इलाज के लिए विदेश जाने की सुप्रीम कोर्ट से मिली अनुमति इस आदेश से प्रभावित नहीं होगी। पुलिस को 23 नवंबर को जांच की प्रगति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया गया है।
महाराष्ट्र- पालघर के आश्रम स्कूल में तेज बुखार से 7 साल के बच्चे की मौत, 26 छात्र भर्ती

महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक आश्रम स्कूल में 7 साल के छात्र की तेज बुखार और सांस लेने में परेशानी के बाद मौत हो गई। बच्चे को 22 अगस्त को तेज बुखार के बाद स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। सोमवार को तबीयत बिगड़ने और ऑक्सीजन स्तर गिरने पर उसे अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगी। स्कूल में 395 बच्चे हॉस्टल में रहते हैं। प्रशासन ने परिसर की सफाई और पानी की जांच शुरू कर दी है।
UPI के 10 साल पूरे, PM मोदी बोले- डिजिटल पेमेंट की यात्रा में बड़ा बदलाव

UPI को लॉन्च हुए 10 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर पीएम मोदी ने UPI को भारत के डिजिटल पेमेंट सफर का बड़ा बदलाव बताया। उन्होंने लोगों से UPI के इस्तेमाल का अपना अनुभव साझा करने की अपील की। UPI को 25 अगस्त 2016 को NPCI ने RBI की निगरानी में लॉन्च किया था।
सरकार के मुताबिक, UPI ट्रांजैक्शन 2016-17 में 1.78 करोड़ से बढ़कर 2025-26 में 24,162 करोड़ से ज्यादा हो गए। यानी करीब 13 हजार गुना बढ़ोतरी हुई। UPI अब 11 देशों में स्वीकार किया जाता है। यह एक ही मोबाइल ऐप से बैंक ट्रांसफर और पेमेंट की सुविधा देता है और सुरक्षित लेनदेन के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का इस्तेमाल करता है।
पुलवामा में 2 संदिग्ध आतंकी सहयोगी गिरफ्तार, हथियार बरामद

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में पुलिस, सेना और CRPF ने यरवान जंगल में तलाशी अभियान के दौरान दो संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान लतीफ अहमद दीदाद और एजाज अहमद बजाद के रूप में हुई है।
तलाशी में एक पिस्तौल, 12 कारतूस और हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ। पुलिस ने आर्म्स एक्ट और UAPA की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
सुरक्षा एजेंसियां हथियारों के स्रोत और दोनों के आतंकी नेटवर्क से संबंधों की जांच कर रही हैं। इससे कुछ घंटे पहले शोपियां में भी 3 संदिग्ध OGW गिरफ्तार किए गए थे।
अरुणाचल में चाइल्ड ट्रैफिकिंग नेटवर्क का खुलासा, 19 बच्चे रेस्क्यू; 3 एजेंट गिरफ्तार

अरुणाचल प्रदेश में पुलिस ने चाइल्ड ट्रैफिकिंग के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ कर 19 बच्चों को बचाया और 3 संदिग्ध एजेंटों को गिरफ्तार किया है। ज्यादातर बच्चे 8 साल से कम उम्र के हैं, जबकि सबसे छोटा बच्चा करीब 3 साल का है।
पुलिस के मुताबिक, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बच्चों की अच्छी पढ़ाई और देखभाल का भरोसा देकर उन्हें दूसरे इलाकों में भेजा गया। कुछ बच्चों से घरों और होटलों में काम कराया जा रहा था।
जांच में प्रति बच्चे 10 हजार से 50 हजार रुपए तक के लेन-देन का भी पता चला है। मामले की जांच के लिए SIT बनाई गई है, जो पैसों के लेन-देन, डिजिटल सबूत और कॉल रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
गुजरात- 13 शिक्षकों को क्लीन चिट दिलाने के लिए 10 लाख की रिश्वत का आरोप, कॉलेज ट्रस्टी और फैकल्टी पर CBI केस

CBI ने गुजरात के जूनागढ़ स्थित नोबेल आयुर्वेदिक कॉलेज के ट्रस्टी प्रतीक मोरी और फैकल्टी सदस्य अभय नलावड़े के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों ने NCISM की हियरिंग कमेटी की सदस्य रुपाली महाडिक को 13 शिक्षकों के पक्ष में रिपोर्ट देने के लिए 10 लाख रुपए की रिश्वत देने की पेशकश की।
इन शिक्षकों के केवल कागजों पर मौजूद होने का संदेह था। FIR के मुताबिक, पहले नलावड़े ने वॉट्सएप कॉल के जरिए रिश्वत की पेशकश की और बाद में ट्रस्टी मोरी ने 10 लाख रुपए देने का वादा किया। महाडिक ने रिश्वत लेने से इनकार करते हुए CBI में शिकायत की।
दिल्ली- आरक्षण विरोधी प्रदर्शन के खिलाफ फेसबुक पर कमेंट, आरोपी के घर के बाहर भीड़ जुटी

डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया दिल्ली के कोषाध्यक्ष राहुल किराड़ के घर के बाहर सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। राहुल किराड़ ने कहा- मेरे घर के बाहर करीब 150 से 200 लोग जुटे थे। इनमें RSS, दक्षिणपंथी हिंदू संगठनों के सदस्य और सवर्ण समुदाय के लोग शामिल थे।
किराड़ ने कहा- मेरे फोन में इसका वीडियो है। उन्होंने मुझे जातिसूचक गालियां दीं और घर के अंदर मौजूद मेरी मां, चाची और बहन समेत परिवार के सदस्यों को धमकाया। वे मुझे पीटने और जान से मारने की बात कह रहे थे। दरअसल राहुल पर आरोप है कि उसने फेसबुक पर आरक्षण विरोधी प्रदर्शनों के खिलाफ अपमानजनक बातें कहीं थीं।
जम्मू-कश्मीर के रामबन में जमीन धंसने से कई घरों में दरारें

जम्मू-कश्मीर के रामबन में जमीन धंसने के कारण कई घरों में दरारें आ गई हैं। लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
कोलकाता के मानिकतला इलाके में दो मंजिला घर गिरा, कोई घायल नहीं

कोलकाता के मानिकतला इलाके में दो मंजिला इमारत का एक हिस्सा गिर गया। सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

