![]()
अररिया आरएस मंडल कारा गेट के पास से हुई बाइक चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। घटनास्थल के CCTV फूटेज खंगाले एसडीपीओ सुशील कुमार ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि 5 अगस्त को अररिया आरएस मंडल कारा गेट के समीप से एक टीवीएस अपाचे बाइक चोरी हो गई थी। इस घटना के संबंध में आरएस थाना में कांड संख्या 188/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और डंप डेटा का गहन विश्लेषण किया गया। तकनीकी जांच के क्रम में पुलिस को चोरी की घटना में शामिल गिरोह की गतिविधि और उनका ठिकाना फुलकाहा थाना क्षेत्र में मिला। इसके बाद पुलिस ने चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी कर गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। 3 बाइक और 2 स्मार्टफोन बरामद गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयकृष्ण यादव (30) और रोहन कुमार (18) के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी नाबालिग होने के कारण उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बरामद तीनों मोटरसाइकिलों के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है कि इन्हें कहां से चोरी किया गया था। छापेमारी टीम में आरएस थाना प्रभारी अंकुर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक त्रिपुरारी कुमार, आरएसओ थाना, डीआईयू टीम अररिया तथा आरएसओ थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच को बाइक चोरी के मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
Source link
अररिया मंडल कारा से बाइक चोरी का खुलासा:3 आरोपी गिरफ्तार, चोरी की 3 बाइकें बरामद
