![]()
मधुबनी के जयनगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक किराना व्यवसायी को गोली मार दी गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट के प्रयास के दौरान इस घटना को अंजाम दिया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यवसायी का इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) में चल रहा है। घायल की पहचान जयनगर निवासी प्रमोद महतो के बेटे किराना दुकानदार गुड्डू महतो (50) के रूप में हुई है। वो शनिवार रात करीब 11 बजे अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनका पीछा किया और रास्ते में रोक लिया। बदमाशों ने गुड्डू महतो से उनका झोला छीनने का प्रयास किया। जब व्यवसायी ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने उनके पेट में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए DMCH किया रेफर घटना के बाद घायल गुड्डू महतो को जयनगर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया। फिलहाल, उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV खंगाल रही पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार और ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़ ने भी घटनास्थल का दौरा किया। जयनगर एसडीपीओ सदानंद कुमार के नेतृत्व में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। पुलिस के अनुसार, फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
Source link
लूट के प्रयास में किराना व्यवसायी को मारी गोली:मधुबनी में घर लौटने के दौरान हादसा, घायल डीएमसीएच रेफर
