![]()
मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र में बेखौफ बाइक सवार अपराधियों ने शनिवार की रात ज्वेलर्स को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने हथियार के बल पर कारोबारी से करीब 6 से 7 लाख रुपएके सोने के आभूषण लूट लिए। कारोबारी ने विरोध किया तो बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात सकरा थाना क्षेत्र की रामपुर कृष्णा पंचायत के सुस्ता पोखर के पास हुई। रामपुर कृष्णा पंचायत के वार्ड संख्या-10 निवासी अनिल साह सुस्ता हाट पर ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह रविवार को दुकान बंद करने के बाद वह अपने भतीजे रोहित साह के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। दो बाइक से पहुंचे बदमाशों ने घेरा बताया जा रहा है कि अनिल साह और उनका भतीजा जैसे ही सुस्ता पोखर के पास पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने हथियार दिखाकर बाइक रोकवाई और कारोबारी के पास रखे आभूषण लूट लिए। कारोबारी ने जब लूट का विरोध किया तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब दो राउंड गोली चलाई और वारदात को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। मौके से एक खोखा बरामद किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बाइक सवार अपराधियों द्वारा स्वर्ण कारोबारी से लूट की वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। लूट का विरोध करने पर दो राउंड फायरिंग किए जाने की भी जानकारी मिली है। पुलिस ने कारोबारी और उसके भतीजे से घटना के संबंध में जानकारी ली है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम कार्रवाई कर रही है।
Source link
मुजफ्फरपुर में ज्वेलर्स से 7 लाख के गहने लूटे:बाइक सवार 3 बदमाशों ने घेरा, विरोध पर की 2 राउंड फायरिंग; मौके से 1 खोखा बरामद
