Headlines

पावापुरी से महिला दो बच्चों संग लापता:10 दिन से नहीं मिला सुराग, परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत




नालंदा जिले के पावापुरी थाना क्षेत्र से एक महिला अपने दो बच्चों के साथ पिछले 10 दिनों से लापता है। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद कोई सुराग न मिलने पर पावापुरी थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया है। लापता महिला की पहचान प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। उनकी मां, रहुई थाना क्षेत्र के इमामगंज गांव निवासी रूबी देवी ने बताया कि प्रीति 29 जुलाई 2026 को अपने 7 वर्षीय बेटे रितिक कुमार और 5 वर्षीय बेटे रियांश कुमार के साथ घर से निकली थी। वह पावापुरी स्थित अपने किराए के मकान से सिलाव थाना क्षेत्र के धरहरा गांव स्थित अपने ससुराल जाने के लिए निकली थीं। प्रीति कुमारी को देर शाम तक ससुराल पहुंच जाना था, लेकिन वह बच्चों के साथ वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां गहनता से तलाश की, लेकिन महिला और बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। लगातार 10 दिनों तक तलाश करने के बावजूद जब महिला और बच्चों का कोई पता नहीं चला, तो परिवार की चिंता बढ़ गई। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए, परिजनों ने पावापुरी थाना में लिखित आवेदन देकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। सहायक थाना पावापुरी प्रभारी गौरव कुमार सिंह ने परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर महिला और बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द महिला और बच्चों को सुरक्षित बरामद करने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *