Headlines

औरंगाबाद में पिकअप की टक्कर से पलटा ऑटो, पांच घायल:शिवगंज मेला से लौट रहा था, तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से मारी टक्कर; ड्राइवर फरार




औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र के शिवगंज में लगे पशु मेले से औरंगाबाद लौट रहे लोगों से भरे एक ऑटो को शनिवार को नगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा सिंचाई कॉलोनी के सामने हुआ। टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। मेले में गाय तलाशने गई थी महिला, वापसी में हादसे का शिकार घायलों में शिवगंज पानी टंकी निवासी रामबली पासवान की पत्नी सबिता देवी, अनुज पासवान की पत्नी निर्मला देवी, पीएचईडी कॉलोनी निवासी त्रिपुरारी सिंह, उनकी पत्नी संगीता देवी तथा ओडिशा के नयापारा जिले के खड़ियारु थाना क्षेत्र निवासी लखन यादव शामिल हैं। लखन यादव वर्तमान में औरंगाबाद के धरनीधर रोड निवासी सरयू बाबू के यहां गौ सेवक के रूप में कार्यरत हैं। इलाज के दौरान घायलों ने बताया कि संगीता देवी की गाय कुछ दिनों पहले चोरी हो गई थी। गाय की तलाश में वह शिवगंज में लगने वाले पशु मेले में पहुंची थीं। उन्हें आशंका थी कि चोरी की गई गाय को कोई व्यक्ति मेले में बेचने के लिए ला सकता है। काफी तलाश के बावजूद जब गाय नहीं मिली तो वह पति त्रिपुरारी सिंह के साथ ऑटो से औरंगाबाद लौट रही थीं। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी के पास पीछे से आ रही पिकअप ने ऑटो में टक्कर मार दी। पिकअप जब्त, चालक की तलाश में पुलिस की छापेमारी सबिता देवी ने बताया कि वह अपनी जेठानी निर्मला देवी के साथ शिवगंज से औरंगाबाद इलाज कराने के लिए आ रही थीं। इसी बीच तेज गति से आ रही पिकअप ने ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। वहीं लखन यादव ने बताया कि वह पशु मेले में अच्छी नस्ल की गाय देखने गए थे। मेले से लौटते समय वह भी दुर्घटना में घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और पिकअप को जब्त कर लिया है। नगर थाना पुलिस फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मेले के दौरान सड़क पर बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि पशु मेले के दिनों में इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है, इसलिए प्रशासन को विशेष निगरानी और गति नियंत्रण की व्यवस्था करनी चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *