Headlines

नालंदा- बाजार से लौट रहे नाबालिग की हादसे में मौत:अज्ञात वाहन ने रौंदा, नाना-नानी बोले- हमारी देखभाल के लिए था, बेटी-दामाद को क्या बताएंगे




नालंदा के सारे थाना क्षेत्र अंतर्गत बेनार मोड़ के समीप शुक्रवार की देर शाम एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार इंटरमीडिएट के छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र स्थित अहियापुर गांव निवासी राजीव सिंह के 17 वर्षीय पुत्र रौनक कुमार के रूप में की गई है। रौनक बचपन से ही नालंदा के बिंद थाना क्षेत्र के अमावां गांव स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि रौनक अपने नाना-नानी की देखभाल के लिए यहां रहता था। उसके माता-पिता दिल्ली रहते हैं। हादसे की जानकारी के बाद बुजुर्ग दंपती ने कहा कि नाती हमारे लिए यहां था, अब बेटी-दामाद को क्या मुंह दिखाएंगे। बाजार से सामान लेकर बाइक से लौट रहा था रौनक ग्रामीण युवराज ने बताया कि रौनक शुक्रवार की शाम बाजार से सामान लेकर अकेले बाइक से अपने गांव अमावां लौट रहा था। इसी दौरान बेनार मोड़ के पास एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो (अज्ञात वाहन) ने उसकी बाइक के हैंडल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रौनक सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस के फोन से परिजनों को मिली सूचना हादसे के बाद जब परिजनों ने रौनक के मोबाइल पर कॉल किया, तो मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने फोन रिसीव कर दुर्घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अमावां गांव से ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। जहाँ देखा कि रौनक की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। रौनक दो भाइयों में सबसे बड़ा था और बचपन से ही ननिहाल में रहकर अपने नाना-नानी की देखभाल करता था। उसके माता-पिता और छोटा भाई दिल्ली में रहते हैं, जिन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है और वे गांव के लिए रवाना हो चुके हैं। घटना के बाद से ननिहाल में मातम पसरा हुआ है। अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस इस संबंध में सारे थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार किशोर की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए वाहन की पहचान की जा रही है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *