Headlines

मुजफ्फरपुर-गोबरसही ब्लास्ट केस में चार के खिलाफ वारंट:आरोपियों में IOCL के प्रोजेक्ट हेड, दो जेई, कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक; मृतक की पत्नी की FIR पर एक्शन




गोबरसही-डुमरी रोड में पीएनजी पाइपलाइन से गैस रिसाव के बाद हुए भीषण विस्फोट में श्रीनिवास सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मृतक की पत्नी निभा कुमारी की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आईओसीएल पीएनजी के प्रोजेक्ट हेड अनीश कुमार समेत चार आरोपितों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। अन्य आरोपितों में पथ प्रमंडल संख्या-1 के जूनियर इंजीनियर अभिषेक कुमार, बलवंत कुमार और नरसिंह कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक नरसिंह सिंह शामिल हैं। सुरक्षा मानकों की अनदेखी, लापरवाही में आरोपियों की संलिप्तता के सबूत सदर थानाध्यक्ष नवलेश आजाद ने बताया कि मामले की जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही बरतने में इन सभी की संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं। घटना के बाद से ही आरोपित फरार चल रहे हैं। पुलिस ने सीजेएम कोर्ट में गिरफ्तारी वारंट जारी करने के लिए अर्जी दाखिल की थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने वारंट जारी करने का आदेश दिया है। फरार रहने पर इश्तेहार, फिर होगी कुर्की पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद भी आरोपित गिरफ्तार नहीं होते या न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध इश्तेहार जारी कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भी पेश नहीं होने पर उनकी संपत्ति कुर्क करने के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जेसीबी से नाला खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुई थी पाइपलाइन घटना दो नवंबर की है। गोबरसही-डुमरी रोड पर सड़क किनारे नाला निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान आईओसीएल की पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे गैस का रिसाव होने लगा और देखते ही देखते भीषण विस्फोट के साथ आग लग गई। हादसे में स्कूटी से घर लौट रहे श्रीनिवास सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। अब हादसे की कुछ तस्वीरें… मृतक की पत्नी ने लापरवाही बरतने का लगाया था आरोप मृतक की पत्नी निभा कुमारी ने सात नवंबर को सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें आईओसीएल पीएनजी के प्रोजेक्ट हेड अनीश कुमार समेत चार लोगों को आरोपित किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। नाला खुदाई के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए। गैस रिसाव के बाद हुए विस्फोट में उनके पति की जान चली गई। पहली प्राथमिकी में अब जुड़ेंगी अन्य धाराएं इस मामले में सदर थाने में पहली प्राथमिकी दो नवंबर को मुशहरी बीडीओ विनोद आनंद के बयान पर जेसीबी चालक विपिन के खिलाफ दर्ज की गई थी। शुरुआत में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज किया था। सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि अब इसमें लापरवाही, गैस लीकेज और गैर इरादतन हत्या के प्रयास से संबंधित अन्य धाराएं जोड़ने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की जाएगी। कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद इन धाराओं के तहत भी जांच आगे बढ़ाई जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *