Headlines

मुंगेर में CM सम्राट ने परिवार के साथ दिया अर्घ्य:बरियारपुर में गंगा में डूबी नाबालिग, लखनपुर स्थित पैतृक घर के छठ घाट पर की सूर्य उपासना




मुंगेर में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने परिवार के साथ मुंगेर स्थित पैतृक गांव लखनपुर के छठ घाट पर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उनके साथ पिता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री शकुनी चौधरी, बड़े भाई रोहित चौधरी, छोटे भाई धर्मेंद्र चौधरी सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सूर्यदेव की उपासना कर बिहार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इधर, मुंगेर जिला मुख्यालय के बबुआ घाट, सोझी घाट और कष्टहरणी गंगा घाट सहित जिले के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों के गंगा घाटों पर भी व्रती और उनके परिजन अर्घ्य देने पहुंचे। सुबह तीन बजे से ही श्रद्धालु सिर पर पूजा का डाला लेकर घाटों की ओर आने लगे थे। व्रती गंगा के पानी में खड़े होकर सूर्यदेव के उदय होने का इंतजार कर रहे थे। सूर्य की लालिमा दिखते ही शुरू हुआ अर्घ्य जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई दी, घाटों पर अर्घ्य देने का सिलसिला शुरू हो गया। व्रतियों ने सूप और दउरा में सजाए गए फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से गंगा घाट गूंजते रहे। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा कर पारण किया। घाटों पर सुरक्षा के लिए SDRF-NDRF की तैनाती श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से गंगा घाटों पर विशेष इंतजाम किए गए थे। जिला मुख्यालय के घाटों के अलावा प्रखंड क्षेत्रों के प्रमुख गंगा घाटों पर गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया था। जिलाधिकारी निखिल धनराज और एसपी सैयद इमरान मसूद सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार घाटों की व्यवस्था और गंगा में सुरक्षा की निगरानी करते रहे। गंगा में डूबी 15 वर्षीय किशोरी, तलाश जारी छठ महापर्व के दौरान बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र के विजयनगर गंगा घाट पर हादसा हो गया। यहां स्नान करने के दौरान 15 वर्षीय कुसुम कुमारी गंगा में डूब गई। घटना के बाद उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था। बताया गया कि खगड़िया जिले के भौरकाठ की रहने वाली कुसुम अपने माता-पिता के साथ छठ पर्व मनाने के लिए बरियारपुर के विजयनगर स्थित अपने मामा अंजनी कुमार के घर आई थी। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने से पहले वह गंगा घाट पर स्नान कर रही थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। उसकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। किशोरी के डूबने की घटना से छठ घाट पर उत्सव का माहौल गम में बदल गया। जिले के अन्य घाटों पर छठ पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, लेकिन बरियारपुर की इस घटना ने पर्व की खुशियों के बीच परिवार को चिंता और मातम में डाल दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *