Headlines

Araria Chhath Puja 2026 | Devotees Wait For Sunrise Arghya


अररिया में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। हालांकि, सोमवार की सुबह व्रतियों को भगवान सूर्य के दर्शन के लिए सामान्य से अधिक इंतजार करना पड़ा।

.

आसमान में बादल छाए रहने के कारण सूर्योदय के बाद भी सूर्य दिखाई नहीं दिए। व्रती महिलाएं हाथ जोड़कर सूर्यदेव के दर्शन का इंतजार करती रहीं। करीब 7:15 बजे बादलों के बीच से सूर्यदेव के दर्शन हुए।

इसके बाद व्रतियों ने पूरे विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

अहले सुबह से ही जिले के विभिन्न छठ घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शहर के एबीसी नहर छठ घाट और परमान नदी तट सहित प्रमुख घाटों पर रात करीब दो बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

व्रती महिलाएं पूजा की तैयारी में जुटी थीं, वहीं उनके परिजन माथे पर पूजन सामग्री से भरा डाला लेकर घाटों तक पहुंच रहे थे। घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। बच्चों और युवाओं ने इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की।

बादलों के कारण सूर्य दर्शन में हुई देरी

सोमवार सुबह निर्धारित समय पर सूर्योदय होने के बावजूद बादलों के कारण भगवान सूर्य के दर्शन नहीं हो सके। घाटों पर मौजूद व्रती महिलाएं अर्घ्य देने के लिए सूर्य की लालिमा दिखाई देने का इंतजार करती रहीं।

करीब 7:15 बजे बादलों के बीच से सूर्यदेव के दर्शन हुए। इसके बाद व्रतियों ने जल और दूध से अर्घ्य अर्पित किया। अर्घ्य के दौरान घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पारण कर 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा किया।

नेपाल से भी अर्घ्य देने पहुंचे श्रद्धालु

अररिया शहर के अलावा रानीगंज, भरगामा, नरपतगंज, फारबिसगंज, कुर्साकांटा, पलासी और जोकीहाट प्रखंडों के विभिन्न छठ घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।

जोकीहाट के रामजानकी मंदिर और खीरदाह छठ घाट पर विशेष चहल-पहल देखने को मिली। वहीं, पड़ोसी देश नेपाल से भी श्रद्धालु जोगबनी के छठ घाट पहुंचे और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इससे सीमावर्ती क्षेत्र में छठ की रौनक और बढ़ गई।

एसडीआरएफ की टीम ने नाव से की निगरानी

छठ महापर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परमान नदी और एबीसी नहर छठ घाट पर एसडीआरएफ की टीम नावों के माध्यम से निगरानी कर रही थी।

इसके अलावा विभिन्न घाटों पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। इसी के साथ जिले में चार दिवसीय छठ महापर्व श्रद्धा, विश्वास और लोक आस्था के माहौल में संपन्न हो गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *