Headlines

Chhath Puja 2026 | Morning Arghya Rituals & Significance


48 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

आज रविवार, 15 नवंबर कार्तिक शुक्ल षष्ठी है, इस तिथि पर छठ महापर्व मनाया जाता है। छठ पूजा पर डूबते सूर्य को और कल यानी 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। यह व्रत संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए रखा जाता है।

छठ पर्व में सूर्य देव के साथ छठी मैया की पूजा करने की परंपरा है। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक, आमतौर पर रोज सुबह उगते सूर्य को जल चढ़ाने की परंपरा है, लेकिन छठ पूजा ऐसा पर्व है, जिसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है।

भगवान सूर्य पंचदेवों में से एक हैं। किसी भी शुभ काम की शुरुआत पंचदेवों की पूजा से करने की परंपरा है। मान्यता है कि सूर्य पूजा से नकारात्मक विचार दूर होते हैं और स्वास्थ्य लाभ मिलता है। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद उनके मंत्रों और नामों का जप किया जाता है। छठ पूजा में सूर्य देव के साथ उनकी बहन मानी जाने वाली छठी मैया की भी पूजा की जाती है।

छठी मैया से जुड़ी हैं ये मान्यताएं

  • प्रकृति की छठी शक्ति: एक मान्यता के मुताबिक, प्रकृति ने खुद को छह भागों में बांटा था। इनमें छठे भाग को मातृ देवी कहा गया। छठी मैया को इसी शक्ति का स्वरूप माना जाता है।
  • ब्रह्मा जी की मानस पुत्री: मान्यता है कि छठी मैया ब्रह्मा जी की मानस पुत्री हैं। उन्हें संतान की रक्षा और परिवार के कल्याण की देवी माना जाता है।
  • मां कात्यायनी का स्वरूप: देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों में छठा स्वरूप मां कात्यायनी का है। कुछ मान्यताओं में छठी मैया को मां कात्यायनी का स्वरूप भी माना जाता है।
  • सूर्य देव की बहन: एक मान्यता के अनुसार, छठी मैया सूर्य देव की बहन हैं। इसलिए छठ पूजा में सूर्य देव के साथ उनकी भी आराधना की जाती है।
  • संतान की रक्षा करने वाली देवी: छठी मैया को संतान की रक्षा करने वाली देवी माना जाता है। इसी वजह से महिलाएं संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना से यह कठिन व्रत करती हैं।

खरना के बाद शुरू होता है 36 घंटे का निर्जला व्रत

छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला कठिन व्रत है। इसका दूसरा दिन खरना कहलाता है। इस साल खरना कल यानी शनिवार, 14 नवंबर को था। खरना के दिन व्रती सुबह से शाम तक उपवास रखते हैं। शाम को सूर्यास्त के बाद पूजा की जाती है और प्रसाद तैयार किया जाता है। परंपरा के अनुसार, इस दिन गाय के दूध और गुड़ से खीर बनाई जाती है। इसके साथ रोटी और अन्य पारंपरिक पकवान भी प्रसाद के रूप में तैयार किए जाते हैं।

व्रती पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं और परिवार के दूसरे सदस्यों को भी प्रसाद बांटा जाता है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। इस दौरान व्रती अन्न और पानी दोनों का त्याग करते हैं।

आज शाम को डूबते और कल सुबह उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य

छठ पूजा के तीसरे दिन यानी आज 15 नवंबर की शाम नदी, तालाब या दूसरे जलाशयों के किनारे सूर्य देव की पूजा की जाएगी। व्रती पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं।

इस पूजा में बांस की टोकरी और सूप में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और दूसरे पारंपरिक प्रसाद रखे जाते हैं। ठेकुआ छठ पूजा का प्रमुख प्रसाद माना जाता है।

संध्या अर्घ्य के बाद भी व्रती रातभर निर्जला उपवास जारी रखते हैं। अगले दिन 16 नवंबर, सोमवार की सुबह सूर्योदय के समय घाटों पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।

इसके बाद छठी मैया और सूर्य देव की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। सुबह का अर्घ्य पूरा होने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करके व्रत का पारण करते हैं। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला छठ महाव्रत पूरा होता है।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    OpenBuk Bharat (ओपनबुक भारत) आपका भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है। हम राष्ट्रीय, प्रादेशिक (बिहार), वाणिज्य, और मनोरंजन जगत की हर बड़ी खबर निष्पक्षता और सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।