दरभंगा में छठ को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आदेश जारी कर जिले के 747 स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है। घाटों पर भीड़ नियंत्रण, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और संभावित दुर्घटनाओं से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
.
वहीं, किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है। उप विकास आयुक्त स्वप्निल को इसका प्रभारी बनाया गया है।
आदेश के अनुसार, 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य और 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को द्वितीय अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रती पारण करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी, पोखर, तालाब और अन्य जलाशयों के घाटों पर पहुंचेंगे।
इसे देखते हुए सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिसकर्मियों को निर्धारित स्थल पर समय से पहुंचने और पर्व की समाप्ति तक मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है।

मंत्री छठ घाट का निरीक्षण करते हुए
खतरनाक घाटों पर नाव और मोटरबोट की व्यवस्था
जिलाधिकारी ने सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र के नदी और खतरनाक तालाब घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। ऐसे घाटों पर आवश्यकता के अनुसार मोटरबोट, नाव, महाजाल और रस्से सहित अन्य बचाव संसाधनों की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
आपात स्थिति में कंट्रोल रूम पर करें फोन
छठ के दौरान किसी भी आपात स्थिति, विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या या जरूरी सूचना देने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। इसके लिए दूरभाष नंबर 06272-240600 जारी किया गया है। आम नागरिक और श्रद्धालु जरूरत पड़ने पर इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

दरभंगा सांसद गोपालजी ठाकुर खरना का प्रसाद ग्रहण करते हुए।
छठ घाटों पर मिलेगी मुफ्त कानूनी सहायता
इधर, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से भी छठ महापर्व के अवसर पर विधिक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 15 और 16 नवंबर को जिले के पांच प्रमुख छठ घाटों पर पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) की प्रतिनियुक्ति की गई है।
यहां विधिक सहायता डेस्क स्थापित कर श्रद्धालुओं को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) की योजनाओं, मुफ्त कानूनी सहायता और उनके अधिकारों की जानकारी दी जाएगी।

पटना में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के घर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ दरभंगा नगर विधायक।
स्वयंसेवक घाटों पर बैनर लगाकर लोगों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे हराही पोखर छठ घाट पर सुजीत कुमार और अशोक साह, बकमंडल पोखर छठ घाट बहेड़ी में लक्ष्मी चौपाल, कबिलपुर ईस्ट टोल पोखर लहेरियासराय में त्रिपुरारी झा और सरिता कुमारी, मिडिल स्कूल केवटगामा तालाब कुशेश्वरस्थान पूर्वी में वजुल कमर और रामबली राय तथा गुरु शांति धाम छठ घाट बेनीपुर में अनिल कुमार और महफूज आलम को प्रतिनियुक्त किया गया है।
स्वयंसेवक घाटों पर बैनर लगाकर लोगों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही पर्चे और पुस्तिकाएं बांटकर निःशुल्क विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
इस दौरान 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी लोगों को बताया जाएगा। इसमें सुलह-समझौते के आधार पर मामलों के त्वरित निष्पादन और इसके लाभों की जानकारी दी जाएगी।

छठ घाटों का निरीक्षण करते हुए पूर्व मंत्री।
16 नवंबर तक लागू रहेगा ट्रैफिक प्लान
इधर, छठ महापर्व को लेकर दरभंगा शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ और घाटों पर उमड़ने वाले व्रतियों की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी किया है।
इसके तहत 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर को छठ पूजा कार्यक्रम की समाप्ति तक शहर के प्रमुख छठ घाटों के आसपास तीन पहिया, चार पहिया और भारी व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। हराही पोखर, केएम टैंक और गंगासागर पोखर घाट के आसपास विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है।
हराही पोखर घाट के आसपास यह रहेगी व्यवस्था
डेनवी मोड़ गेट से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले तीन पहिया, चार पहिया और भारी व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। दोनार से स्टेशन आने वाले वाहन स्टेशन हनुमान मंदिर के पास रुकेंगे।
वहीं, दिल्ली मोड़ की ओर जाने वाले वाहन भटियारीसराय होते हुए नाका-5 के रास्ते आगे जा सकेंगे। विद्यापति मोड़ से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले तीन पहिया, चार पहिया और भारी व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर भी रोक रहेगी।

छठ घाटों का निरीक्षण करते हुए ग्रामीण विधायक।
केएम टैंक घाट के आसपास रूट में बदलाव
दरबारी मोड़ और एसडीओ मोड़ से हाजमा चौक तथा लहेरियासराय टावर चौक तक तीन पहिया, चार पहिया और भारी व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। लहेरियासराय टावर जाने वाले वाहन दरबारी मोड़ से आदर्श विद्यालय होते हुए जा सकेंगे।
वहीं, लहेरियासराय टावर से स्वीट होम मोड़, जीएन रोड, दारूभट्टी होते हुए नाका-6, आयकर चौराहा के रास्ते दिल्ली मोड़ और आगे जा सकेंगे।
गंगासागर पोखर घाट के आसपास भी प्रतिबंध
सिटी कार्ट मोड़ से गंगासागर घाट की ओर जाने वाले तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। मारवाड़ी कॉलेज और कल्याण छात्रावास (काली मंदिर) की ओर से भी गंगासागर घाट जाने वाले तीन पहिया और चार पहिया वाहनों पर रोक रहेगी। समस्तीपुर की ओर जाने वाले भारी व्यावसायिक वाहन शोभन से एकमी के रास्ते जाएंगे।
वहीं, शिवधारा से बाघ मोड़ तक आने-जाने वाले चार पहिया और व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।

यातायात व्यवस्था को संभालता एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इन प्रतिबंधित मार्गों को छोड़कर शहर के अन्य सभी रूटों पर वाहनों का परिचालन पूर्व की तरह जारी रहेगा। विशेष परिस्थिति में यातायात व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित रूट का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
