Headlines

नालंदा- दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या का आरोप:विदाई कराने पहुंचे पिता बाजार गए, लौटे तो बेसुध पड़ी थी बेटी; अस्पताल में मृत बताया, ससुरालवाले फरार




नालंदा के नगरनौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत सलमानचक गांव में गुरुवार को दहेज प्रताड़ना के चलते 22 साल की नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सलमानचक के रहने वाले गौरव कुमार की पत्नी कुमकुम कुमारी के रूप में हुई है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज में बाइक, सोने की चेन और अन्य सामान की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से पति, सास-ससुर समेत ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर फरार हैं। शादी के कुछ ही महीनों बाद शुरू हो गई थी प्रताड़ना मृतका कुमकुम कुमारी मूल रूप से शेखपुरा जिले के फरीदपुर गांव निवासी ईश्वर पासवान की बेटी थी। अप्रैल 2024 में उनकी शादी नगरनौसा के सलमानचक निवासी अलख पासवान के पुत्र गौरव कुमार से हुई थी। परिजन के अनुसार, शादी के समय सामर्थ्य के अनुसार तीन लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी, पलंग और अन्य घरेलू सामान दिए गए थे। हालांकि, शादी के तीन-चार महीने बाद ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के रूप में मोटरसाइकिल, सोने की चेन और अन्य सामान की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर कुमकुम के साथ आए दिन गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। मृतका को कोई संतान नहीं थी। विदाई कराने गए थे पिता, थोड़ी देर बाद मिली मौत की खबर मृतका के भाई दीपक कुमार और चचेरे भाई विक्रांत कुमार ने बताया कि पर्व-त्योहार के मौके पर भी ससुराल वाले कुमकुम को मायके नहीं भेजते थे। इससे पहले भी भाई तीन बार और पिता एक बार विदाई कराने गए थे, लेकिन ससुराल वालों ने उन्हें खाली हाथ लौटा दिया था। गुरुवार को एक बार फिर पिता ईश्वर पासवान सुबह करीब 5-6 बजे बेटी की विदाई कराने सलमानचक पहुंचे थे। उस समय ससुराल वालों ने एक-दो दिन रुकने की बात कही। इसके बाद पिता किसी रिश्तेदार से मिलने या बाजार की तरफ गए। आरोप है कि इसी बीच ससुराल वालों ने फोन कर सूचना दी कि कुमकुम बार-बार बेहोश हो रही है। जब पिता और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि कुमकुम का शव घर के दालान में लावारिस हालत में पड़ा था और घर के सभी सदस्य फरार थे। परिजन उसे नगरनौसा के एक निजी क्लीनिक ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलते ही नगरनौसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर गुरुवार देर शाम पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों का स्पष्ट आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले मारपीट की और फिर गला दबाकर कुमकुम की हत्या कर दी। नगरनौसा थाना अध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *