![]()
भोजपुर जिले के आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर उदवंतनगर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव के समीप गुरुवार की देर शाम बेलगाम स्कॉर्पियो ने बाइक सवार फाइनेंसकर्मी को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इधर, आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर पिपरा गांव के समीप शव को सड़क पर रखकर आरा-सासाराम स्टेट हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीण करीब चार घंटे तक सड़क पर डटे रहे। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित रहा। बाद में स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को उचित आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक कुणाल चोला फाइनेंस कंपनी में काम करता था मृतक की पहचान उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव निवासी संजय सिंह के 29 वर्षीय पुत्र कुणाल कुमार के रूप में हुई है। वह चोला फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। मृतक के पिता संजय सिंह ने बताया कि गुरुवार की सुबह वह अपने काम से गड़हनी गए हुए थे। शाम को कुणाल ने जल्द घर लौटने की बात कही थी। इसी दौरान घर वापस आने के क्रम में पिपरा गांव के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिर पड़ा और गाड़ी उसे रौंदते हुए निकल गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि कुणाल के परिवार में पत्नी नेहा देवी और दो छोटे बेटे डिबू एवं कुंज हैं। उसका एक बड़ा भाई सोनू सिंह है। मां धर्मशिला देवी गृहिणी हैं, जबकि पिता किसान हैं। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और दोनों मासूम बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद कसाप गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
Source link
भोजपुर में फाइनेंसकर्मी को तेज रफ्तार स्कॉर्पियों ने कुचला:काम खत्म कर बाइक से लौट रहे थे, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
