![]()
बक्सर के डुमरांव में पुराना भोजपुर के सिमरी रोड स्थित छठ घाट पर पानी की समस्या दूर करने के लिए प्रशासन ने पहल की है। एसडीएम राजीव कुमार ने भैंसहा नदी का बहाव रोक रहे प्लास्टिक के त्रिपाल को 24 घंटे के भीतर हटाने का निर्देश दिया है। त्रिपाल हटने के बाद घाट पर पानी का बहाव सामान्य होने और छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय ग्रामीणों ने घाट पर पानी की स्थिति को लेकर एसडीएम को सामूहिक आवेदन दिया था। उन्होंने छठ पर्व से पहले नदी का बहाव रोक रहे त्रिपाल और अन्य रुकावटें हटाने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना था कि समय पर व्यवस्था नहीं सुधरी तो व्रतियों को अर्घ्य देने में परेशानी होगी। मछली पालन के लिए लगाया था त्रिपाल भैंसहा नदी में सिमरी प्रखंड के रामपुर मठिया के पास सैरात मत्स्य श्रमजीवी संघ ने मछली पालन के लिए चिलमन के साथ प्लास्टिक का त्रिपाल लगाया था। इससे नदी का प्राकृतिक बहाव प्रभावित हो रहा था। इसका असर पुराना भोजपुर के सिमरी रोड स्थित छठ घाट पर भी पड़ रहा था। नाव से पहुंचकर एसडीएम ने किया निरीक्षण सोमवार को एसडीएम राजीव कुमार ने पहले पुराना भोजपुर छठ घाट का जायजा लिया। इसके बाद सिमरी सीओ भगवती शंकर पांडेय के साथ नाव से रामपुर मठिया पहुंचे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मछलियों को रोकने के लिए लगाया गया प्लास्टिक का त्रिपाल पानी के बहाव में रुकावट डाल रहा है। छठ पर्व तक हटाना होगा त्रिपाल स्थिति को देखते हुए एसडीएम ने निर्देश दिया कि छठ पर्व तक नदी में लगाया गया प्लास्टिक का त्रिपाल पूरी तरह हटा लिया जाए। इस पर सैरात बंदोबस्त स्वामी ने अगले 24 घंटे में इसे हटाने का आश्वासन दिया। एसडीएम ने कहा कि छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है। किसी भी व्यवस्था के कारण व्रतियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी घाटों पर चलेगा सफाई अभियान निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अनुमंडल के सभी छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई, कचरा हटाने, जलक्षेत्र को स्वच्छ रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा। मौके पर रोहित सिंह, बबन चौधरी, हरी साह, सोनू चौधरी और दिनेश चौधरी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन की पहल पर ग्रामीणों ने संतोष जताया।
Source link
'नदी का बहाव रोक रहा त्रिपाल 24 घंटे में हटेगा':SDM ने नाव से किया निरीक्षण, पुराना भोजपुर छठ घाट पर बहाव सुधरने की उम्मीद
