Headlines

बेगूसराय- पोखर में नहाने गए युवक की डूबने से मौत:5 घंटे की मशक्कत के बाद निकाली गई लाश, प्रत्यक्षदर्शी बोले- गहराई का नहीं था अंदाजा




बेगूसराय के रतनपुर बिशनपुर चतुर्भुज पोखर में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से एक युवक की मौत हो गई। 5 घंटे की मशक्कत के बाद SDRF की टीम ने पोखर से शव को बाहर निकाला। रात में ही पुलिस ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान सिंघौल थाना क्षेत्र स्थित लडुवारा गांव के रहने वाले मोहम्मद फुरकान के पुत्र मोहम्मद फूल के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मोहम्मद फूल एक स्थानीय पीवीसी कंपनी में काम करता था। गुरुवार को वह अपने एक अन्य सहयोगी के साथ डोर-विंडो लगाने के लिए गया था। काम समाप्त होने के बाद जब दोनों रतनपुर बिशनपुर चतुर्भुज पोखर में स्नान करने गए थे। प्रत्यक्षदर्शी बोले- युवक को पोखर की गहराई का अंदाजा नहीं था प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवकों को इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि पोखर के इस हिस्से में पानी कितना गहरा है। स्नान करने के दौरान ही मोहम्मद फूल अचानक गहरे पानी में जाने से डूबने लगे। उसके साथ मौजूद सहयोगी ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन असफल रहा। देखते ही देखते युवक गहरे पानी में ओझल हो गया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी रणधीर सिंह भीमा ने बताया कि घटना के समय वे पोखर के ठीक सामने टहल रहे थे और अपनी नियमित एक्सरसाइज कर रहे थे। दोनों लड़के लगभग साढ़े पांच बजे के आसपास वहां पहुंचे थे। उनमें से मोहम्मद आशिफ पोखर में उतरकर नहा रहा था। जबकि मोहम्मद फूल पोखर के किनारे बैठकर उसे लगातार कह रहा था घेरे के अंदर आकर नहाओ। पानी में कूदने के एक डेढ़ मिनट बाद ही डूब गया युवक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कुछ देर तक मोहम्मद फूल किनारे पर ही बैठा रहा, लेकिन अचानक उसने अपने कपड़े उतारे और खुद भी नहाने के लिए पोखर में छलांग लगा दी। पानी में कूदने के बमुश्किल एक-डेढ़ मिनट के भीतर ही वह गहरे पानी में समा गया और चीखने-चिल्लाने लगा। जैसे ही उनके डूबने का शोर हुआ, वे तुरंत दौड़कर पानी की तरफ गए, लेकिन वह नजरों से ओझल हो चुका था। उन्होंने तुरंत लोगों आवाज देकर बुलाया। कुछ ही मिनटों में वहां आसपास के 20-25 लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ में मौजूद तैरना जानने वाले स्थानीय युवक ने पोखर में उतर कर काफी देर तक खोजा, लेकिन अंधेरा और पानी की गहराई के कारण उसे सफलता नहीं मिल पाई। सूचना मिलते ही डायल 112 तथा रतनपुर एवं मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीआरएफ को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद मोहम्मद फूल के शव को निकाला गया। मृतक के पड़ोसी मो. मेहंदी ने बताया कि परिजनों को शाम करीब साढ़े पांच बजे घटना की सूचना मिली। इसके बाद परिजन सहित सभी लोग मौके पर पहुंचे। काफी कोशिश के बाद रात करीब 11 बजे शव निकाला गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *