![]()
सुपौल प्रखंड की कर्णपुर पंचायत सरकार भवन में सोमवार को आयोजित सहयोग शिविर का जिलाधिकारी सावन कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से दी जा रही सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आमजन के आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने लाभुकों को मौके पर ही विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। कर्णपुर निवासी रंजु देवी को राशन कार्ड प्रदान किया गया, जबकि स्मिता कुमारी और मो. जुबेर को जन्म प्रमाण पत्र सौंपा गया। डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम लोगों को सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाए बिना एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं और प्रमाण पत्रों का लाभ उपलब्ध कराना है। प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का खुद अवलोकन किया निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का स्वयं अवलोकन किया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का नियमानुसार एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। डीएम ने अधिकारियों से शिविर में आने वाले प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुनने और पात्र लाभुकों को तत्काल योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने सरकारी सेवाओं की पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया। स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी सहयोग शिविर में शामिल इस अवसर पर कर्णपुर ग्राम पंचायत की मुखिया किरण देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत कुमार, अंचलाधिकारी मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी सहयोग शिविर में शामिल हुए। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रमाण पत्रों तथा जनकल्याणकारी सेवाओं से संबंधित आवेदन स्वीकार किए गए और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे सहयोग शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की पहुंच और अधिक प्रभावी बनाई जा रही है।
Source link
सुपौल के सहयोग शिविर में पहुंचे DM सावन कुमार:बेनेफिश्यरिज को मौके पर मिला राशन कार्ड-बर्थ सर्टिफिकेट, तुरंत निपटारे के निर्देश
