बेगूसराय में श्रीकृष्ण महिला महाविद्यालय में संचालित बिहार कौशल विकास मिशन के तहत कौशल विकास केंद्र की करीब 21 लाख रुपए की अवैध निकासी हुई थी।
.
केंद्र संचालक धीरज कुमार पर महाविद्यालय के नाम से अलग बैंक खाता खोलकर बिहार कौशल विकास मिशन पटना से प्राप्त अनुदान की राशि प्राप्त करने और उसकी अवैध निकासी करने का आरोप महाविद्यालय प्रशासन ने लगाया है। महाविद्यालय प्रशासन ने संबंधित बैंक को खाता फ्रीज करने के लिए पत्र भी दिया है।
इसी मामले में लापरवाही और कार्रवाई में देरी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कार्यकर्ताओं ने श्रीकृष्ण महिला कॉलेज के प्राचार्य का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने करीब 4 घंटे तक प्राचार्य कक्ष के समक्ष प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता दोषी पर तुरंत FIR दर्ज कर राशि की वसूली की मांग कर रहे थे।

प्राचार्य और कार्यकर्ता।
पैसे का गबन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
मौके पर विशेष आमंत्रित सदस्य अजित चौधरी ने कहा कि छात्राओं के नाम पर आए पैसे का गबन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन ने 2018 में भवन, 8 कंप्यूटर, टेबल सहित सारी आधारभूत सुविधाएं दी। लेकिन इसके बाद भी संचालक द्वारा अलग खाता खोलकर 21 लाख रुपए की निकासी करना सीधा भ्रष्टाचार है।

मौके पर कॉलेज की छात्राएं ने भी अपनी बात रखी।
केंद्र में ही घोटाला हो रहा है
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजित कुमार ने कहा कि कोविड काल के बाद जब केंद्र दोबारा शुरू हुआ तो महाविद्यालय के खाते में अनुदान की राशि आनी ही बंद हो गई। यह मिलीभगत की ओर इशारा करता है। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय प्रशासन को इस तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लक्की गौतम ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत चलने वाले केंद्र में ही घोटाला हो रहा है। दोषी संचालक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो, जिससे भविष्य में कोई भी छात्र-निधि में गड़बड़ी न कर सके। दिव्यम कुमार ने कहा कि ABVP इस घोटाले की निष्पक्ष जांच चाहता है। जब तक गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
फिलहाल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के दबाव के बाद महाविद्यालय प्रशासन द्वारा इस मामले में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई और मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रदर्शन में नगर सह मंत्री नैना, कला मंच के संगीता कुमारी, कॉलेज कार्यकारिणी सदस्य आर्या सहित, गुलशन, अभिषेक एवं हर्ष सहित छात्राएं और ABVP के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
