Headlines

खगड़िया में दशहरा-दुर्गापूजा पर भगदड़ से बचने के लिए एडवाइजरी:बच्चों को अकेला न छोड़ें; विसर्जन में गहरे पानी में न जाएं, इमरजेंसी नंबर जारी किया गया




खगड़िया में दशहरा और दुर्गापूजा के दौरान पूजा पंडालों, मंदिरों, मेलों और रावण वध कार्यक्रमों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिला पदाधिकारी विक्रम विरकर ने लोगों से त्योहार के दौरान सतर्कता बरतने, प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और किसी भी परिस्थिति में धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी बड़े हादसों को रोक सकती है। भगदड़ की स्थिति में घबराएं नहीं, संयम बनाए रखें जिले के विभिन्न मंदिरों और पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है। खासकर संध्या आरती के दौरान सन्हौली दुर्गा स्थान सहित अन्य मंदिर परिसरों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। आने वाले दिनों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। डीएम ने कहा कि पूजा पंडालों में प्रवेश और निकास के दौरान जल्दबाजी न करें और कतार में चलें। भीड़ का दबाव बढ़ने पर धक्का-मुक्की से बचें। भगदड़ जैसी स्थिति बनने पर घबराने के बजाय संयम बनाए रखें और भीड़ को विपरीत दिशा में धकेलने से बचें। पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित निकास की ओर बढ़ें। बच्चों को अकेला न छोड़ें, पहले से तय करें मिलने की जगह प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों को अकेला न छोड़ें। बच्चों की जेब में घर का पता और अभिभावक का मोबाइल नंबर जरूर रखें। परिवार के सदस्य पहले से मिलने का एक स्थान तय कर लें, ताकि भीड़ में बिछड़ने पर एक-दूसरे को ढूंढ़ने में परेशानी न हो। अफवाहों से बचें, विसर्जन के दौरान गहरे पानी में न जाएं प्रशासन ने लोगों को अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं से दूर रहने की सलाह दी है। किसी भी संदेश की पुष्टि किए बिना उसे सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने को कहा गया है। मूर्ति विसर्जन के दौरान नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की गई है। बिजली के खुले तारों, अस्थायी विद्युत कनेक्शनों, पटाखों और ज्वलनशील पदार्थों से भी दूरी बनाए रखने को कहा गया है। निर्धारित पार्किंग में खड़े करें वाहन, रास्ते न रोकें डीएम ने श्रद्धालुओं से वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करने और सड़कों पर जाम नहीं लगाने की अपील की है। आपातकालीन सेवाओं के रास्ते बाधित नहीं करने तथा रेलिंग और अस्थायी मंचों पर चढ़कर भीड़ देखने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही शराब पीकर मेले में आने से भी परहेज करने को कहा गया है। आपात स्थिति में इस नंबर पर करें संपर्क किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06244-222384 पर संपर्क किया जा सकता है। डीएम विक्रम विरकर ने लोगों से दशहरा और दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *