Headlines

सुपौल में शराब पीने से रोकने पर पत्नी की हत्या:रात में दी थी धमकी, सुबह मिली लाश; परिजन ने पति समेत 5 पर लगाया आरोप




सुपौल के भीमनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को संदिग्ध परिस्थिति में 22 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। घटना भगवानपुर पंचायत अंतर्गत रानीगंज वार्ड संख्या 3 की है। मृतका की पहचान रानीगंज निवासी ललन पासवान की पत्नी गुंजा देवी के रूप में हुई है। मायके वाले का आरोप है कि शराब पीने से रोकने पर गुंजा का मर्डर कर दिया गया है। शराब सेवन को लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था। वहीं, घटना की सूचना पर मृतका के मायके पक्ष के परिजन बनेलीपट्टी पंचायत से घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए उसके पति समेत पांच लोगों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पति समेत पांच लोगों पर हत्या का आरोप मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि गुंजा देवी की गला दबाकर हत्या की गई है। इस मामले में उन्होंने पति ललन पासवान, ससुर विद्यानंद पासवान, ननद सुमिल देवी, सोनी कुमारी और नरेश पासवान पर मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि महिला की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है और मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। परिजनों ने पति ललन पासवान की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना के समय पति नशे की हालत में था। हालांकि, परिजनों की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। जान से मारने की धमकी देने का आरोप

मृतका के परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार की रात ललन पासवान ने गुंजा देवी के मायके वालों को फोन कर जान लेने की धमकी दी थी। इसके अगले ही दिन महिला की मौत की खबर मिलने से मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने इस घटनाक्रम को संदेहास्पद बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताया जाता है कि गुंजा देवी की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब ढाई वर्ष बताई जा रही है। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर भी परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *