Headlines

बीटेक छात्र पर चाकू से हमला मामले में एक गिरफ्तार:मोतिहारी में घर लौटने के दौरान बदमाशों ने 5 बार किया वार, मुख्य आरोपी फरार




मोतिहारी में बीटेक छात्र पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के अंदर घटना में शामिल युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि बीते शाम घर जा रहे बीटेक के छात्र साहिल पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं घटना में शामिल एक युवक अंशु को गिरफ्तार किया गया है, जिससे यह जानकारी जुटाई जा रही है कि आखिर चाकूबाजी के पीछे की वजह क्या थी। मुरादाबाद से घर लौटने के दौरान हादसा बता दें कि बुधवार की शाम नगर थाना क्षेत्र के श्रीकृष्ण नगर स्थित सपनी देवी मंदिर के पास की घटना है। साहिल मुरादाबाद से अपने घर लौट रहा था। तभी मुहल्ले के ही संतोष सिंह के बेटे सागर कुमार और उसके साथियों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने एक-दो नहीं बल्कि पांच बार चाकू से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। घायल अवस्था में ही छात्र ने किसी तरह घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे लेकर अस्पताल गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस तरह की वारदात पर चिंता जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मुख्य आरोपी सागर कुमार फरार थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की बात सामने आ रही है, लेकिन असली कारण गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। मुख्य आरोपी सागर कुमार अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़ित छात्र को न्याय दिलाया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *