![]()
भागलपुर के सजौर थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर में प्राथमिक विद्यालय मुंजत के शिक्षक ललित रजक (करीब 50 वर्ष) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उन्हें मंगलवार को प्रधानाध्यापक का पद संभालना था। सोमवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। गंभीर हालत में उन्हें जेएलएनएमसीएच मायागंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में हैरानी है। शव की जांच के दौरान ललित रजक के गले पर काला निशान मिला है। इस निशान से उनकी मौत की वजह पर सवाल उठ रहे हैं। परिवार ने बताया कि पिछले एक-दो महीने से ललित रजक के व्यवहार में बदलाव आया था और वे अक्सर चुपचाप रहते थे। ललित रजक ने विभागीय परीक्षा पास कर ली थी और प्रधानाध्यापक बनने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी थी। वे पहले मध्य विद्यालय दराहडीह में थे, बाद में प्राथमिक विद्यालय मुंजत भेजे गए थे। ‘घर में खाया खाना, फिर सोने चले गए… कुछ देर बाद बिगड़ी हालत’ पत्नी उषा देवी सेविका हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को ललित की विभागीय बैठक थी। बैठक के बाद वे घर लौटे। करीब दस मिनट बाद पत्नी भी घर पहुंचीं। घर में खाना नहीं बना था, इसलिए दोनों ने दिन का बना खाना खाया। इसके बाद ललित सोने चले गए।कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि तत्काल परिजन उन्हें लेकर मायागंज अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। पति की मौत की बात बताते-बताते पत्नी भावुक होकर रो पड़ीं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज ललित की मौत के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। गले पर मिला निशान इन सवालों को और गहरा कर रहा है। हालांकि अभी किसी तरह की अंतिम वजह सामने नहीं आई है। मायागंज अस्पताल में बरारी थाना पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया करा रही है। घटना की सूचना सजौर थाना पुलिस को भी दी गई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही पता चलेगा कि शिक्षक की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई। ललित रजक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां और दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। जिस घर में मंगलवार को प्रधानाध्यापक बनने की खुशी मननी थी, वहां अब मातम पसरा है।
Source link
भागलपुर- हेडमास्टर बनने से एक दिन पहले टीचर की मौत:गले पर मिला काला निशान, पत्नी बोली- खाया खाना, सोने गए… कुछ देर बाद बिगड़ी हालत
