![]()
दरभंगा के केवटी विधानसभा क्षेत्र में जर्जर ग्रामीण सड़कों से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। RRSMP के तहत भाजपा विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने करीब 6.50 करोड़ रुपए की लागत से तीन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण का शिलान्यास किया गया। रैयाम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इन सड़कों के निर्माण से खिरमा बाजार, शिशो, समैला, मुस्लिम टोल और आसपास के दर्जनों गांवों की बड़ी आबादी को जर्जर रास्तों से राहत मिलने की उम्मीद है। सड़कें बनने के बाद ग्रामीणों के आवागमन के साथ व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी सुगम होगी। तीन प्रमुख सड़कों का होगा निर्माण
RRSMP योजना के तहत NH-527बी से पथरा खिरमा बाजार पथ के 0.352 किलोमीटर हिस्से के निर्माण पर 16.17 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। वहीं, NH-527बी दोमे से शिशो पथ के 6.40 किलोमीटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण-चौड़ीकरण के लिए 430.07 लाख रुपए की राशि स्वीकृत है।
इसके अलावा PWD सेंट्रल बैंक से मुस्लिम टोल पथ के 2.40 किलोमीटर हिस्से के निर्माण पर 204.32 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। परियोजना के तहत जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए छह कल्वर्ट (पुलिया) का निर्माण भी कराया जाएगा। मुस्लिम टोल-सझुआर क्षेत्र में 50 मीटर सोलिंग सह पीसीसी ढलाई का कार्य भी योजना में शामिल है। विधायक ने कहा कि तीनों सड़कों के निर्माण से बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। गांवों से बाजार और मुख्य मार्गों तक पहुंच आसान होगी तथा लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। ‘रैयाम चीनी मिल जल्द चालू करेंगे’
विधायक ने रैयाम चीनी मिल को शीघ्र चालू कराने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि इसके लिए बिहार सरकार की ओर से आवंटन किया गया है और इंडियन पोटाश लिमिटेड को रैयाम चीनी मिल की चाबी सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि चीनी मिल के फिर से चालू होने से क्षेत्र के किसानों और युवाओं को रोजगार एवं आय के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि मिल के संचालन से क्षेत्र के गन्ना किसानों को भी लाभ होगा। विधायक ने यह भी कहा कि रैयाम चीनी मिल के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचने की उनकी अपेक्षा है।
गुणवत्ता में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
विधायक ने ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंताओं और संवेदकों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण सामग्री या कार्य में किसी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही सामने आने पर संबंधित संवेदक अथवा एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में मौजूद रहे नेता-ग्रामीण
शिलान्यास कार्यक्रम में केवटी पश्चिमी मंडल अध्यक्ष निर्भय, बीस सूत्री अध्यक्ष श्रवण मिश्र, करुणानंद मिश्र, वरिष्ठ नेता विनोद सिंह, गुड्डू, गणेश यादव सहित कई एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं राम साह, दिलीप यादव, संतोष कुमार, अशोक ठाकुर समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
Source link
केवटी में 6.50 करोड़ से ग्रामीण सड़कों का होगा कायाकल्प:तीन प्रमुख सड़कों का शिलान्यास, 12 से अधिक गांवों को जोड़ेगा
