- Hindi News
- National
- Nandigram BJP Candidate Affidavit Controversy | Congress Moves High Court
कोलकाता1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नंदीग्राम सीट से भाजपा उम्मीदवार हसीरानी रथ सीएम शुभेंदु के पीए रहे चंद्रनाथ रथ की मां हैं। 4 मई को बंगाल चुनाव के नतीजे आने के दो दिन बाद चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
बंगाल की नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव से पहले एक और विवाद सामने आया है। कांग्रेस ने BJP प्रत्याशी हसीरानी रथ के खिलाफ कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। कांग्रेस का दावा है कि BJP प्रत्याशी ने चुनावी हलफनामे में अपनी उम्र और पढ़ाई से जुड़ी गलत जानकारी दी है।
कांग्रेस नेता और वकील रित्जू घोषाल ने कोर्ट में कहा-
हसीरानी रथ ने हलफनामे में जन्म साल 1966 बताया है, जबकि 1965 में माध्यमिक यानी 10वीं की परीक्षा पास करने का जिक्र किया है। हसीरानी ने जन्म से पहले 10वीं कैसे पास कर ली।

नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होगा और 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। हसीरानी रथ की उम्मीदवारी की घोषणा 15 सितंबर को की गई थी। वह CM शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की मां हैं। 4 मई को बंगाल चुनाव के नतीजे आने के दो दिन बाद चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

स्कूल की 10वीं तक की मंजूरी को लेकर भी सवाल
कांग्रेस ने जिस स्कूल का नाम हलफनामे में दिया गया है, उसके रिकॉर्ड पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी के मुताबिक, चौखाली गंगा पद्म मिलन कन्या विद्यापीठ की शुरुआत 1963 में हुई थी और उस समय वहां 5वीं तक पढ़ाई होती थी। स्कूल को 10वीं तक पढ़ाने की सरकारी मंजूरी 1973 में मिलने की जानकारी भी कांग्रेस ने दी है।
हाईकोर्ट ने याचिका दाखिल करने की अनुमति दी
जस्टिस कृष्ण राव की बेंच के सामने रित्जू घोषाल ने मामले को उठाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने हलफनामे की जांच की थी, लेकिन कथित विसंगति पर कोई कार्रवाई नहीं की।
घोषाल ने मांग की कि अगर शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी जानकारी गलत पाई जाती है तो हसीरानी रथ की उम्मीदवारी रद्द की जाए। कोर्ट ने कांग्रेस को याचिका दाखिल करने की अनुमति दे दी है और मामले पर गुरुवार को सुनवाई होने की संभावना है।
कांग्रेस ने जांच की मांग की, BJP ने आरोप खारिज किए
कांग्रेस ने मामले की विस्तृत जांच की मांग की है। पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग को हलफनामा स्वीकार करते समय इन जानकारियों की ज्यादा सावधानी से जांच करनी चाहिए थी। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव आयोग के सामने भी इस मुद्दे को उठाने की बात कही थी।
वहीं, BJP ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है। BJP की ओर से कहा गया कि अगर हलफनामे में कोई विसंगति है तो इसकी शिकायत चुनाव आयोग के सामने की जानी चाहिए।
हसीरानी रथ बोलीं- कानून पर भरोसा
हसीरानी रथ ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी है और उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि कोर्ट जो फैसला करेगा, वह उन्हें स्वीकार होगा।
नंदीग्राम से शुभेंदु ने ममता को हराया, लगातार दो बार भाजपा जीती
नंदीग्राम लंबे समय से TMC और भाजपा के बीच राजनीतिक संघर्ष का प्रमुख केंद्र रहा है। इस क्षेत्र में 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन ने ममता बनर्जी और TMC को 2011 में सत्ता तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी।
2021 में ममता बनर्जी ने यहीं से बंगाल के मौजूदा सीएम शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं। 2026 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के साथ भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ा और दोनों जगह जीत दर्ज की।
बाद में अधिकारी ने भवानीपुर सीट अपने पास रखी और नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद नंदीग्राम सीट खाली हुई।

बंगाल सहित 4 राज्यों की 6 सीटों पर उपचुनाव
- तमिलनाडु में 2 सीट: मदुरांतकम और धारापुरम- ये दोनों विधानसभा सीटें मरागथम कुमारवेल और पी. सत्यबामा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं। दोनों सीटों की फाइनल वोटर लिस्ट 23 फरवरी को जारी की गई।
- पुडुचेरी की थट्टानचावड़ी सीट: यह सीट एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। सीट की मतदाता सूची 14 फरवरी को पब्लिश हुई।
- पश्चिम बंगाल की रेजीनगर-नंदीग्राम सीट: रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर और नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई। इन सीटों की अंतिम वोटर लिस्ट 28 फरवरी को जारी की गई।
- असम की नगांव लोकसभा सीट: असम की नागांव लोकसभा प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। इस सीट की अंतिम मतदाता सूची 10 फरवरी को जारी की गई थी।


